यूपी के मिर्जापुर में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में अबतक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं है। छह का उपचार चल रहा है। हादसे की जानकारी होते ही प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। डीएम, एसपी और स्थानीय विधायक मौके पर पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री और मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल ने अस्पताल पहुंच कर घायलों से मुलाकात की और अधिकारियों से स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों को परिजनों को ढाढस बंधाया और हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया।
इधर, सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर अफसोस जताते हुए मुआवजे की घोषणा की है। मृतक के आश्रितों को दो लाख और घायलों को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्देश दिया है।
#UPCM श्री #YogiAdityanath ने मिर्जापुर की सड़क दुर्घटना के मृतक आश्रितों 2 लाख रुपये और घायलों को 25 हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) December 11, 2017
उन्होंने निर्देश दिया कि जिला प्रशासन सुनिश्चित करे कि सभी घायलों का समुचित इलाज हो और उनकी हर संभव मदद की जाए।