वाराणसी। मंत्रि मंडल विस्तार के बाद विभागों के बंटवारे में काशी को पिछड़ा वर्ग, पर्यटन, संस्कृति, धमार्थ कार्य और स्टांप शुल्क विभागों को गति देने की जिम्मेदारी मिली है। आध्यात्मिक राजधानी काशी के पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक पहचान बढ़ाने की चुनौती होगी। इसमें कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर को पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्रालय सौंपा गया है। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. नीलकंठ तिवारी को पर्यटन, संस्कृति एवं धमार्थ कार्य और राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल को स्टांप तथा न्यायालय शुल्क का प्रभार दिया गया है।
प्रदेश सरकार के प्रथम विस्तार मे काशी को विशेष तरजीह दी गई। शहर उत्तरी के दो बार के विधायक रविंद्र जायसवाल को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रुप में योगी मंत्रि मंडल में शामिल किया गया। इसके अलावा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अनिल राजभर को कैबिनेट और राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी को स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। गुरुवार को रविंद्र जायसवाल लखनऊ से वाराणसी सडक मार्ग से होते हुए गुलाब बाग स्थित उत्तरी विधानसभा के कार्यालय पहुचें। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल का रास्ते में जगह जगह पर कार्यकर्ताओं ने फुल मालाओ से स्वागत किया। भोजूबीर में पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश सिंह अलगू, जिला उपाध्यक्ष जयनाथ मिश्र, श्रीनिकेतन मिश्र, अर्दली बाजार में व्यापार मंडल, कचहरी पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मिश्रा के नेतृत्व में मुरलीधर सिंह, बृजेंद्र मौर्य ने स्वागत किया। उनका काफिला चौकाघाट, लहुराबीर, मलदहिया होते हुए उत्तरी के कार्यालय गुलाब बाग पहुंचा। रास्ते में उन्होंने महावीर मंदिर पर हनुमान जी का दर्शन किया। लहुराबीर पर चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा एवं मलदहिया पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने कहा कि वाराणसी के सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा रहे हैं। वाराणसी शहर की जनता को मूलभूत सुविधा जैसे सड़क, बिजली और शुद्ध जल उपलब्ध कराना ये मेरी प्राथमिकता है। इस दौरान क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, गौरव राठी, लालजी गुप्ता, प्रकाश यादव, सुशील गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।