Varanasi News: वाराणसी जिले में सड़कों पर चल रहे कार्यों को लेकर भाजपा सरकार गंभीर है। सड़क पर गड्ढों के कारण जाम की समस्या बढ़ रही है। इसको लेकर भी राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने हिदायत दी है। वहीं, मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि चुनाव शुरू होने से पहले सड़कों के चल रहे निर्माण कार्य हर हालत में पूरा कराएं।
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने सर्किट हाउस में बैठक की। उन्होंने कहा कि सड़कों पर गड्ढा खोदने वाले अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। सड़कों पर सीवर का पानी नहीं बहना चाहिए, नाली व पटरी साफ सुथरा कराएं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा, जहां सड़कों का चौड़ीकरण हो रहा है, बिना मुआवजा दिए तोड़-फोड़ नहीं होनी चाहिए। कार्य स्थल का वरिष्ठ अधिकारी स्वयं पर्यवेक्षण कर पूरा करे। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि चुनाव शुरू होने से पहले सड़कों के चल रहे निर्माण कार्य हर हालत में पूरा कराएं। बैठक में जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग मौजूद रहे।
अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर चर्चा की गई। सभी ब्लैक स्पॉटों को सुधारने के लिए पीडब्ल्यूडी को जिम्मेदारी दी गई। सभी छह ब्लैक स्पॉट पर रोड साइनेज, टेबल टॉप ब्रेकर और अन्य यातायात संकेतक लगाया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटना में कमी लाई जा सकेगी।