अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना देने का एलान कर सुर्खियों में आए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि गाजीपुर डीएम को हटाने के मामले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से बातचीत हुई।
उन्होंने 15 अगस्त के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। राजभर के बयान के बाद जिले के राजनीतिक धुरंधरों में एक बार फिर से तलवारें खिंच सकती है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गाजीपुर की जहूराबाद सीट से विधायक राजभर ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने19 बिंदुओं को लेकर गाजीपुर डीएम की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की थी।
उनका कहना है कि उनमें से 18 शिकायतों का समाधान हो चुका है। चार जुलाई को राजभर ने अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठने की घोषणा करते समय कहा था कि सपा के शासनकाल के अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे हैं।
उन्होंने इसकी शिकायत भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की थी। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उन्होंने धरना स्थगित कर दिया था।
दिव्यांगों को देंगे बाक्स वाली ट्राई साइकल
गाजीपुर के डीएम और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर
- फोटो : अमर उजाला
खुशीपुर पंचकोशी रोड स्थित विकलांग विकास संस्थान की व्यवस्थाओं का निरीक्षण के दौरान राजभर ने कहा कि केंद्र की मदद से प्रदेश के दिव्यांगाें को ट्राइ साइकल देंगे। इस ट्राइ साइकल में बाक्स लगा होगा, जो उन्हें व्यवसाय करने में मदद करेगा।
कौशल विकास योजना से दिव्यांगों को जोड़ने की योजना बताते हुए उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को संस्थान आने-जाने की सुविधा के लिए 10 बस देंगे। उन्होंने कहा कि यहां के भवन की मरम्मत की आवश्यकता है। बिजली वायरिंग सहित सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि डायग्नोसिस सेंटर बनाने की योजना है। मानसिक रूप से कमजोर बच्चों की जांच पड़ताल के लिए हस्पिटल खोला जाएगा। बचपन डे सेंटर, जूनियर हाईस्कूल व कौशल विकास केंद्र जल्द शुरू कराया जाएगा। इस दौरान डायरेक्टर अनूप यादव, प्रमुख सचिव महेश गुप्ता, शशि प्रताप, राजेश यादव, सुरेंद्र यादव, अभय पटेल, शैलेंद्र, आदि मौजूद रहे।