राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने महिलाओं को बांटीं निशुल्क सिलाई मशीनें
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से राजेंद्र राय सेवा ट्रस्ट की ओर से सोमवार को निशुल्क सिलाई मशीन वितरण समारोह आयोजित किया गया। रोहनिया क्षेत्र के अमरा खैरा स्थित ट्रस्ट कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने 15 जरूरतमंद महिलाओं को निशुल्क सिलाई मशीनें वितरित कीं। कार्यक्रम के संयोजक राजेश सिंह रहे।
स्वरोजगार से मजबूत होंगे परिवार
कार्यक्रम में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सिलाई मशीन जैसी सहायता महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने और अपनी आजीविका चलाने में मददगार हो सकती है। इससे वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं और परिवार की आय बढ़ाने में भी योगदान दे सकती हैं।
उन्होंने कहा कि स्वरोजगार से परिवार और समाज दोनों सशक्त होते हैं। राजेंद्र राय सेवा ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने की पहल सराहनीय है। उन्होंने ट्रस्ट के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।