स्थानीय लोगों ने काम नहीं होने की दी जानकारी, मंत्री ने डीएम के साथ मौके पर पहुंचकर की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। सर्किट हाउस सभागार में शनिवार को अधिकारियों के साथ विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान आवास विकास विभाग के अभियंता ने आशापुर में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होने वाले कार्य की प्रगति संतोषजनक बताई। अभियंता ने मौके पर काम होने की जानकारी भी दी। इस पर मंत्री रविंद्र जायसवाल ने स्थानीय लोगों से कार्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। लोगों ने बताया कि मौके पर कोई काम नहीं कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों की बात सुनने के बाद मंत्री रविंद्र जायसवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ आशापुर पहुंचे। मौके पर काम नहीं मिलने और समीक्षा बैठक में अभियंता की ओर से गलत जानकारी दिए जाने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने आवास विकास विभाग के संबंधित अभियंता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।