वाराणसी। पुदुचेरी के ओंकार आश्रम के महाधिपति तपस्वी स्वामी ओंकारानंद 30 दिवसीय काशी प्रवास पर हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिरों में पारंपरिक वस्त्र पहनने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पुरुषों को धोती-कुर्ता और महिलाओं को साड़ी पहननी चाहिए। मंदिर केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा के केंद्र हैं। स्वामी ओंकारानंद ने श्रद्धालुओं से मंदिरों की मर्यादा और स्वच्छता बनाए रखने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शालीन परिधान मन में श्रद्धा और पवित्रता का संचार करते हैं। दोनों हाथ जोड़कर ईश्वर की आराधना करनी चाहिए। आश्रम की सेवाएं पिछले 15 वर्षों से वाराणसी में भी जारी हैं। स्वामी जी अपने प्रवास के दौरान श्री काशी विश्वनाथ का 1008 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक करेंगे। शिवाला और हनुमान घाट पर भव्य गंगा पूजन और आरती होगी। नगवां और अस्सी घाट पर जरूरतमंदों को अन्नदान किया जाएगा और साड़ियों का वितरण होगा। आश्रम की गौशाला में भारतीय नस्ल की गायों का संरक्षण और गौसेवा भी की जाती है। संवाद