तीन दिन से लगातार धूप होने के बाद दिन में तो राहत मिल रही है लेकिन शाम होते ही गलन बढ़ जा रही है। कोल्ड फ्रंट की दस्तक और नम पछुआ हवाएं चलना इसकी मुख्य वजह है। रविवार को इसी तरह से दिन शुरू हुआ। सुबह हल्के कोहरे के साथ दिन में धूप तो निकली है लेकिन ठंडी हवा ने गलन बढ़ा दी है। शनिवार को भी इसी तरह का मौसम रहा।
विज्ञापन
धूप ने तो लोगों को राहत दी लेकिन तेज हवा चलने से बहुत असर नहीं रहा। इधर शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17.5 की तुलना में एक डिग्री बढ़ गया लेकिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से पांच डिग्री गिर गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के अनुसार अभी मौसम ऐसे ही बना रहेगा और अगले सप्ताह आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही वाराणसी और आसपास के जिलों में बूंदाबांदी के भी आसार है।
शनिवार सुबह से धूप तो अच्छी रही लेकिन दस से बारह किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चलने के कारण उसका असर कम रहा। हालांकि धूप खिलने से घाटों के साथ ही सड़कों पर भी चहल-पहल अधिक रही लेकिन शाम होते ही गलन बढ़ गई। इस वजह से 24 घंटे में पांच डिग्री तापमान गिर गया।