गाजीपुर। जनपद में सूक्ष्म उद्यम सखिया ग्रामीण इलाकों की आधी आबादी आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य करेंगी। जिले के 16 ब्लॉकों में 236 सूक्ष्म उद्यम सखी का चयन किया जाएगा। सूक्ष्म उद्यम सखियां महिलाओं को सूक्ष्म व लघु स्तर के विभिन्न उद्यमों के बारे में जानकारी देंगी। साथ ही उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहायता करेंगी।
जिले में सदर, बिरनो, करंडा, मरदह, जमानिया, भदौरा, रेवतीपुर, सैदपुर, देवकली, सादात, जखनिया, मनिहारी, मुहम्मदाबाद, भांवरकोल, कासिमाबाद और बाराचवर समेत कुल 16 ब्लॉक हैं। शासन की ओर से एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) विभाग को जिले के सभी 16 ब्लॉकों में 236 सूक्ष्म उद्यम सखी के चयन करने का लक्ष्य दिया गया है। शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक से आत्मनिर्भर बनाया जाए। वह घर पर ही रहकर अपना छोटा उद्यम शुरू करें। इससे उनको घर बैठे आजीविका का साधन मिल जाएगा। इससे वह अपने परिवार को भी आर्थिक रूप से योगदान दे सकती हैं। जिसका लाभ उनके पूरे परिवार को मिलेगा।
इसी के तहत सूक्ष्म उद्यम सखी की कवायद की जा रही है। वहीं विभाग की ओर से ब्लॉकवार सूक्ष्म उद्यम सखी के चयन की कवायद शुरू कर दी गई है। सूक्ष्म उद्यम सखी अपने गांव व क्षेत्र में महिलाओं को सरकारी योजनाओं, उद्यमिता के लाभ व सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्योग के तहत उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रदान करेंगी। एनआरएलएम के मिशन प्रबंधक परितोष ने बताया कि जनपद में 236 सूक्ष्म उद्यम सखी का चयन किया जाएगा।