वाराणसी। कोरोना काल में स्कूलों के खोले जाने के सरकार के फैसले के बाद अब धीरे-धीरे अभिभावकों की सहमति के साथ ही छात्र-छात्राओं की संख्या भी बढ़ने लगी है। यहां शिक्षकों की ओर से कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ ही कोरोना से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। साथ ही छात्रों से दूसरों में इसका संदेश बांटने की अपील भी की जा रही है।
कोरोना संक्रमण की वजह से बंद चल रहे स्कूलों के खुलने के बाद वहां रौनक लौट आई है। कैंपस में जगह-जगह कोरोना से बचाव पर आधारित पोस्टर, स्लोगन के साथ ही गेट पर मास्क चेकिंग, थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजेशन के बाद ही उन्हें अंदर दाखिला मिल रहा है। अब जबकि स्कूलाें को खुले 15 दिन का समय हो गया है, ऐसे में छात्रों की संख्या भी 50 प्रतिशत से अधिक हो गई है, जबकि कई स्कूलों में खुद अभिभावक ही सहमति पत्र लेकर जमा करने पहुंच रहे हैं। शनिवार को भी शहरी के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी विद्यालयों में सोशल डिस्टेंसिंग को देखते हुए एक सीट पर एक छात्र को बैठाकर क्लास चलाई गई। इसके अलावा शिक्षक स्कूल से घर जाने के बाद भी कोविड से बचाव के उपायों का पालन करने की जानकारी दे रहे हैं।