डाफी टोल प्लाजा के पास बृहस्पतिवार की देर रात ट्रक से मेंथा तेल की बड़ी खेप पकड़ी गई। यह तेल अवैध तरीके से दमन भेजा जा रहा था। राज्य जीएसटी के एडिश्नल कमिश्नर ग्रेड-वन मानवेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक तेल की कीमत करीब 70 लाख रुपये है। माल भेजने का वैध ई-वे बिल नहीं मिला, इसलिए 16 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है।
एडिश्नल कमिश्नर ने बताया कि वैध ई-वे बिल बगैर ही एक ट्रक माल चंदौली के रास्ते दमन भेजने की सूचना मिली थी। इससे जीएसटी की टीम सतर्क हो गई। बृहस्पतिवार की देर रात डाफी टोल प्लाजा पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। एक-एक ट्रक की जांच की गई। इसी बीच एक ट्रक से गैलन में भरे मेंथा का तेल बरामद किया गया। ट्रक चालक जरूरी कागजात नहीं दिखा सका। इस पर जुर्माना लगाया गया। जुर्माना यराशि जमा होने के बाद ट्रक छोड़ दिया गया। जांच दल में असिस्टेंट कमिश्नर लवलेश तिवारी भी शामिल रहे।
ये है इस्तेमाल
मेंथा तेल का प्रयोग खाने की वस्तुओं, दवाओं, परफ्यूम बनाने में होता है। इसका निर्यात चीन, अमेरिका और सिंगापुर किया जाता है। मेंथा तेल का बाजार भाव एक हजार रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक है। वायदा बाजार से खरीद फरोख्त के मूल्य में उतार चढ़ाव होता रहता है। बाजार मूल्य अधिक होने से इसकी कालाबाजारी भी होती है।