सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड और वाओ गो ग्रीन लिमिटेड ने मंगलवार को कृषि विमान ड्रोन से दवा छिड़काव का सफल प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों को कम लागत, कम समय और अधिक उत्पादन देने वाली तकनीक की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। डॉ. शंकर गोयनका ने बताया कि कृषि विमान से नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो कॉपर, नैनो जिंक, सागरिका सहित अन्य कृषि उत्पादों का प्रभावी और वैज्ञानिक तरीके से छिड़काव किया जा सकता है। इससे खेती की लागत कम होगी और कृषि कार्य अधिक प्रभावी बनेंगे। इस तकनीक से कम समय में अधिक क्षेत्र में सटीक छिड़काव किया जा सकता है। इससे मजदूरी का खर्च कम होगा, संसाधनों की बचत होगी और फसलों की पैदावार बढ़ेगी। वाओ गो ग्रीन लिमिटेड ने वाराणसी के सीएससी केंद्रों पर दो कृषि विमान और दो प्रशिक्षित चालक उपलब्ध करा दिए हैं। अब किसान इन केंद्रों के माध्यम से ड्रोन से दवा छिड़काव की सेवा ले सकेंगे। इस दौरान रमिंद्र पाल सिंह, राजेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।