वाराणसी। दीनदयाल अस्पताल में शुक्रवार को ओपीडी में दलाल पकड़े जाने के मामले में डॉक्टर सत्यप्रकाश को निलंबित कर दिया गया है। सीएमएस मेजर (डॉ.) विपुल कुमार को हटाने के बाद इस मामले में की गई यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। डॉ. सत्यप्रकाश को महानिदेशक कार्यालय से संबद्ध करते हुए मामले की जांच अपर निदेशक स्वास्थ्य को सौंपी गई है। अभी इस मामले में दो और कर्मचारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
शुक्रवार को एनएचएम निदेशक और सचिव पंकज कुमार के औचक निरीक्षण में डॉ. सत्यप्रकाश के कमरे में दो दलाल रंगे हाथ पकड़े गए थे। उन्हें फटकार लगाते हुए कड़ी चेतावनी तो जारी कर दी गई थी लेकिन अब उन्हें निलंबित कर दिया गया। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य प्रशांत त्रिवेदी ने इसका आदेश जारी करते हुए निदेशक, अपर निदेशक, डीएम को भी प्रतिलिपि भेजी है। इधर, अस्पताल के जिस कर्मचारी का तबादला सप्ताह भर पहले हो गया था, उसे रिलीव न करने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।