सेमीफाइनल में पहुंची विद्युत विभाग की टीम
अंतर विभागीय प्रतियोगिता का चौथा क्वार्टर फाइनल में विद्युत विभाग ने प्रशासन की टीम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। प्रशासन की टीम ने पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 138 रन बनाए। प्रशासन के राकेश गुप्ता ने 57 गेंद पर 9 चौके और एक छक्के की मदद से 71 रन और मंडल क्रीडा अधिकारी बलेंद्र पाल ने 26 रन बनाए। विद्युत के करण कुमार ने चार ओवर में 27 रन देकर तीन और नीरज ने चार ओवर में 23 रन देकर दो विकेट लिए। 139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विद्युत विभाग की टीम ने 12 ओवर में ही एक विकेट पर 142 रन बनाकर 9 विकेट से मैच जीत सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। विद्युत विभाग के अनिल यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर पुष्पेंद्र वैस ने किया।
नारायणपुर में आज होगी घुड़दौड़ प्रतियोगिता
विकासखंड के ग्राम पंचायत नारायणपुर में गोवर्धन चौधरी स्मृति घोड़ा दौड़ प्रतियोगिता 24 अप्रैल को होगी। आयोजन सचिव रामजी यादव ने बताया कि दौड़ दो वर्गों में होगी। इसमें दो दांत वाले नागंद घोड़े और जवान पक्खड़ घोड़ों की प्रतियोगिता अलग-अलग कराई जाएगी। इसमें शक्ति, पवन, चेतक और बुलेट नाम के घोड़े आकर्षण के केंद्र होंगे।
चार जिलों के बीच आज से होगी दिव्यांग कबड्डी
दिव्यांग कबड्डी प्रतियोगिता 24 अप्रैल को चिरईगांव में खेली जाएगी। आयोजन सचिव दिलीप सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में चार जिलों की चार टीमें खेलेंगी। पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में वाराणसी के अलावा गाजीपुर, मिर्जापुर और भदोही की टीमें कबड्डी के मैदान पर दमखम दिखाएंगी। मुख्य अतिथि कैंनरा बैंक के जोनल मैनेजर होंगे।
प्रादेशिक रोलबॉल के लिए वाराणसी की टीम घोषित
पहली बार प्रादेशिक सब जूनियर रोलबॉल प्रतियोगिता गाजियाबाद में 26 से 29 अप्रैल तक खेली जाएगी। इसके लिए रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को वाराणसी की टीम घोषित कर दी। इसके बालिका वर्ग में सनबीम वरुणा की पांच और बालक वर्ग में सात कुल 12 खिलाड़ी चयनित हुए हैं। प्रादेशिक प्रतियोगिता में बालक-बालिका वर्ग में 12-12 सदस्यीय टीम खेलेगी। रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन वाराणसी इकाई सचिव सुनीता गुप्ता ने बताया कि सब जूनियर वर्ग की पहली प्रतियोगिता गाजियाबाद में होगी। चार दिवसीय शिविर 26 से 29 अप्रैल तक दो सत्रों में नटीनियादायी में लगाया जाएगा।
मंडुवाडीह में होगा स्केटिंग टूर्नामेंट
वाराणसी जिला स्केटिंग संघ की ओर से आयोजित वर्ग की स्केटिंग टूर्नामेंट की तिथियों में बदलाव किया गया है। वाराणसी स्केटिंग संघ के सचिव मोहम्मद इशरार ने बताया कि अब यह प्रतियोगिता मंडुवाडीह के एक स्कूल परिसर में 25 अप्रैल को खेली जाएगी।
सिगरा स्टेडियम में वॉलीबॉल का अभ्यास करते खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
भारतीय वॉलीबॉल महासंघ की मान्यता रद्द
विश्व वॉलीबॉल महासंघ ने कानूनी और प्रशासनिक मानकों के उल्लंघन के मामले में भारतीय वाॅलीबॉल महासंघ की मान्यता रद्द कर दी है। इससे खिलाड़ियों और खेल पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
शिविर और प्रतियोगिताएं न होने से खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में नहीं खेल सकेंगे। मान्यता राज्य और राष्ट्रीय वॉलीबॉल संघ का चुनाव न कराने की वजह से रद्द हुई है। वाराणसी में सैकड़ों खिलाड़ी सिगरा और लालपुर में वाॅलीबाॅल का अभ्यास करते हैं। इससे उनके खेल पर भी बुरा असर होगा।
अब खेल गतिविधियों के संचालन और अन्य गतिविधियों के लिए विश्व वॉलीबॉल महांसघ ने संचालन समिति का गठन किया है। इसके तहत खिलाड़ियों के हितों की सुरक्षा, एथलीट आयोग का गठन, राज्य संघों के चुनाव और संविधान को कानूनी मानकों के अनुरूप रखा जाएगा।
यह समिति राज्य संघों के चुनाव, एथलीट आयोग और भारतीय वॉलीबॉल संघ के संविधान को अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुरूप अपडेट करने का कार्य करेगी। फेडरेशन इंटरनेशनल डे वॉलीबॉल (एफआईवीबी) के अनुसार जब तक चुनाव नहीं हो जाते तब तक यह समिति ही प्रशासनिक कार्य संभालेगी।
वाराणसी जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव सर्वेश पांडेय ने बताया कि पिछले एक साल में वॉलीबॉल की प्रतियोगिताएं लगातार हो रही थीं। खेल में सुधार के साथ खिलाड़ी भी बढ़ रहे थे लेकिन विश्व वालीबॉल महासंघ ने मान्यता रद्द कर खेल को मुश्किल में डाल दिया है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग भारतीय वॉलीबॉल संघ में अपना वर्चस्व चाहते हैं। उन्हें ही कमेटी में जगह दी गई है।
बीएचयू के वॉलीबॉल खिलाड़ी संजीव सिंह ने बताया कि मान्यता रद्द होने से खेल और खिलाड़ियों के भविष्य पर संकट आ गया है। संघ की मान्यता रद्द होने से उनके भविष्य पर भी बुरा असर पड़ेगा। उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
बरेका के वॉलीबॉल खिलाड़ी रामनरेश ने बताया कि भारतीय वॉलीबॉल संघ के आपसी मतभेद को लेकर कोर्ट में हैं। पिछले छह साल से यह मामला कोर्ट में चल रहा है। इसी के चलते वाराणसी में हुई राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजक भारतीय वॉलीबॉल संघ न होकर नगर निगम था।