ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में मंगलवार से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। कॉलेज प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कॉलेज के पहले बैच के रूप में इस साल 50 सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिनमें से अब तक 30 सीटों पर छात्रों का एडमिशन पूरा हो चुका है। बाकी सीटों के लिए प्रक्रिया जारी है।
कॉलेज के डीन सेल्वाकुमार चेलैया के मुताबिक, शुरुआती सत्र के लिए सभी आवश्यक लैब, क्लासरूम और हॉस्टल सुविधाओं को व्यवस्थित कर लिया गया है। प्रथम वर्ष के लिए शिक्षकों की नियुक्ति कर ली गई है। इसके अलावा, छात्रों के लिए पुस्तकालय और प्रैक्टिकल लैब को तैयार किया गया है। दो दिन पहले शनिवार को डीएम सत्येंद्र कुमार ने कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। उन्होंने शिक्षण एवं आवासीय सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए थे। डीन ने बताया कि पहले सप्ताह में ओरिएंटेशन प्रोग्राम होगा। इसमें छात्रों को संस्थान के नियम, कोर्स संरचना और व्यावहारिक प्रशिक्षण से अवगत कराया जाएगा।