एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत शुक्रवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) परिसर में नीम, पीपल, गुलमोहर और पाकड़ समेत विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे रोपे। बीएलडब्ल्यू परिसर में अगले 10 दिनों में दो हजार पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाए जा रहे हैं और पौधे रोपने से पहले ही गड्ढे तैयार कराए जा रहे हैं। पौधों की जियो ट्रैकिंग की जाएगी। उनकी देखभाल के लिए स्थानीय नागरिकों को ‘पालक’ के रूप में जिम्मेदारी दी जाएगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह, पार्षद सुरेश पटेल, रविंद्र सिंह, मदन मोहन तिवारी, अजय बिंद, अमित सिंह चिंटू, श्याम भूषण शर्मा, महेंद्र पटेल, गोपाल पटेल, अतुल पांडेय और कल्लू पहलवान ने भी पौधरोपण किया। जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव सर्वेश पांडेय, भारतीय मजदूर संघ (रेलवे) के प्रभात सिंह, केएन तिवारी, राकेश पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।