मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने मंगलवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठक की। मुख्य मुद्दा अतिक्रमण रहा। मेयर ने कहा कि सभी जोनल अधिकारी अपने तैनाती जोन में टीम बनाकर भ्रमण कर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित करें और अतिक्रमण हटवाएं। दोबारा अतिक्रमण करने पर एफआईआर दर्ज कराएं।
विज्ञापन
बैठक में मेयर ने कहा कि नगर निगम मुख्यालय के सामने अतिक्रमण और गंदगी करने वाले ठेलों को हटवाएं। गोदौलिया से दशाश्वमेध तक दोनों पटरियों पर महिलाएं सड़क पर फूल माला बेचती हैं। इससे आवागमन बाधित होता है। जोनल अधिकारी दशाश्वमेध को अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी दी। मैदागिन से विश्वेशरगंज तक नो वेंडिंग जोन में दुकानों को शिफ्ट किया जाए।
बताया कि 19 जून से विजयानगरम मार्केट के अवैध अतिक्रमण हटवाए जाएंगे। इसी तरह चौकाघाट, अलईपुर रेलवे स्टेशन, मैदागिन पार्क, अस्सी क्षेत्र में भी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाए जाएंगे। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने संपत्ति कर और वसूली की समीक्षा की।
कहा कि 31 जुलाई तक छूट दी जा रही है। अभियान चलाकर संपत्ति कर जमा कराएं। नामांतरण, दाखिल खारिज, जन्म मृत्यु प्रमाण-पत्र समय से जारी करें। इसमें किसी प्रकार का विलंब न हो।