उलेमा काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आमिर रशादी
- फोटो : facebook
उलेमा काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आमिर रशादी और उनके घर वालों पर बहू की हत्या कर लाश गायब करने के मामले में महिला की लाश को कब्र से निकालने के लिए आजमगढ़ डीएम ने एसडीएम सदर को मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया। शहर कोतवाली की रिपोर्ट पर बुधवार को डीएम ने अनुमति प्रदान कर दी।
अब पुलिस शुक्रवार को निकाय चुनाव की मतगणना के बाद कब्र खुदवाकर महिला की लाश को बाहर निकालकर उसका पोस्टमार्टम कराएगी।
बता दें कि सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर गांव निवासी हामिद संजरी ने 22 नवंबर को शहर कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसमें उलेमा काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आमिर रशादी सहित उनके परिवार के अन्य सदस्यों को आरोपित किया है। हामिद संजरी का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी साली फौजिया की अक्तूबर में हत्या कर लाश कहीं गायब कर दिया।
उलेमा नेता आमिर रशादी सहित उनके परिवार के सदस्यों के विरुद्ध हत्या और सबूत नष्ट करने की धारा में केस दर्ज होने के बाद पुलिस महिला की लाश को कब्र खोदकर बाहर निकालने के लिए किसी मजिस्ट्रेट को नियुक्त करने के लिए डीएम के यहां रिपोर्ट भेजी थी।
बुधवार को डीएम ने शहर कोतवाल के पत्र पर हरी झंडी देते हुए कब्र से लाश को बाहर निकालने के लिए एसडीएम सदर को मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया। शहर कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मतगणना के बाद फौजिया की लाश को कब्र से बाहर निकालकर उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।