वाराणसी। बच्चे मन के सच्चे होते हैं और वह संकोच नहीं करते हैं। सोमवार को ऐसा ही नजारा मंडुवाडीह क्षेत्र के तैय्यब शाह बनारसी बाबा की मजार पर देखने को मिला, जहां अपने पिता के साथ नमाज पढ़ने के बाद मासूम पुलिसकर्मियों से हाथ मिलाने और गले मिलने की जिद पर अड़ गया। पिता सकुचाए, लेकिन इसी बीच मासूम उनका हाथ छुड़ा कर पुलिस कर्मियों के पास पहुंचा और हाथ आगे बढ़ा कर गले मिलने को उन्हें नीचे झुकाने लगा तो थानाध्यक्ष मंडुवाडीह संजय त्रिपाठी ने उसे गोद में उठाया और दुलारने लगे। मासूम और पुलिसकर्मियों का मेलजोल मजार पर आए लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
मंडुवाडीह निवासी गुड्डू खान का छह वर्षीय बेटा मोहम्मद अबुजर खान उनके साथ मजार पर नमाज पढ़ने आया था। नमाज पढ़ने के बाद नन्हा अबुजर बाहर निकला तो मौजूद पुलिसकर्मियों से हाथ मिलाने और गले मिलने की जिद पर अड़ गया। मासूम की अंगुली पकड़ कर पिता घर ले जाने लगे तो वह भाग कर पुलिसकर्मियों के पास पहुंचा और हाथ मिलाने लगा। थानाध्यक्ष से हाथ मिलाने के बाद उनकी शर्ट पकड़ कर नीचे की ओर झुकाने लगा तो उन्होंने उसे गोद में उठा लिया और दुलारते हुए पूछे कि बड़े होकर क्या बनोगे तो जवाब दिया कि बहुत बड़ा वाला पुलिस बनूंगा। अबुजर की यह बात सुन कर आसपास खड़े सभी लोग हंसने लगे।