ज्ञानवापी में सर्वे के लिए जाती एएसआई की टीम
- फोटो : अमर उजाला
अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के विरोध के कारण लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी ज्ञानवापी में सर्वे नहीं हो सका। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम दिनभर परिसर में खड़ी रही, लेकिन काम नहीं कर सकी। अब अदालत ने सर्वे की समयसीमा बढ़ा दी है। शनिवार से सर्वे फिर शुरू होगा।
अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को भी एएसआई सर्वे का विरोध किया। उनका कहना था कि अदालत ने सर्वे करके दो सितंबर तक रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश दिया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। निर्धारित तिथि बीत गई, फिर भी सर्वे जारी रखा गया। यह अवैधानिक है, इसलिए बृहस्पतिवार व शुक्रवार को विरोध किया गया।
अपराह्न तीन बजे से सर्वे करने के लिए कह दिया
मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने कहा कि सर्वे के लिए अतिरिक्त समय दिए जाने की जानकारी मिल गई थी। अपराह्नन तीन बजे ही एएसआई के अफसरों को सर्वे के लिए कह दिया गया था। सर्वे के लिए अदालत ने चार सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया है। अदालत के आदेश का सम्मान करते हैं । सर्वे में सहयोग करेंगे।