शहीद सत्यदेव मिश्र का (फाइल फोटो
- फोटो : BALLIA
सुखपुरा (बलिया)। जम्मू कश्मीर के राजोरी सेक्टर में तैनात बसंतपुर निवासी हवलदार सत्यदेव मिश्र ड्यूटी के दौरान सोमवार को शहीद हो गए। छोटे भाई अमित मिश्र ने बताया कि मंगलवार सुबह आठ बजे सेना की ओर से यह जानकारी दी गई। हालांकि भाई यह नहीं बता सके वह कब और कैसे शहीद हुए। इस सूचना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग ढांढस बंधाने घर पहुंचने लगे। बुधवार को पार्थिव शरीर आने पर शहीद को अंतिम विदाई दी जाएगी।
थाना क्षेत्र के बसंतपुर के मिश्र के पूरा के निवासी सत्यदेव मिश्र (47) पुत्र स्वर्गीय जवाहर मिश्र थल सेना के 872 लाइट रेजीमेंट में हवलदार थे। उनकी ड्यूटी राजोरी सेक्टर में लगी थी। मंगलवार सुबह लगभग आठ सेना की ओर से फोन कर पत्नी शशिकला को बताया गया कि सोमवार को सत्यदेव ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। सत्यदेव मिश्र अपने पीछे पत्नी शशि कला मिश्र, पुत्री भाग्य लक्ष्मी (17) और पुत्र आदित्य (16 ) साल को छोड़ गए हैं। उनका परिवार बलिया शहर के बहादुरपुर मोहल्ले में रहता है। घर वाले उनके पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहे हैं। शहीद सत्यदेव मिश्र के बड़े भाई सूबेदार जयप्रकाश मिश्र सेना से अवकाश ग्रहण कर घर पर हैं। जबकि एक अन्य भाई हवलदार कमलेश मिश्र मिसाइल रेजीमेंट उड़ीसा में तैनात हैं। परिजनों के अनुसार शहीद का अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा।
---