जौनपुर जिले के महराजगंज थाने की पुलिस ने एक विवाहिता की शादी उसके नाबालिग प्रेमी से थाने में करा दी। शादी के बाद से ही दोनों लापता हैं। किशोर के पिता ने डीजीपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
आरोप है कि पुलिस ने 21 जनवरी को दोनों की शादी थाने में कराने के बाद यूपी 100 वाहन से दोनों को बदलापुर पहुंचाया था। क्षेत्राधिकारी बदलापुर मामले की जांच कर रहे हैं। एसपी का कहना है कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
महराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव निवासी संजय गौतम ने पुलिस महानिदेशक, आईजी वाराणसी जोन, एसपी जौनपुर और सीओ बदलापुर, एसडीएम बदलापुर को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि गांव की विवाहिता 23 वर्षीय सुमन निषाद उनके 14 वर्षीय पुत्र को बहलाकर भगा ले गई थी।
तीन चार दिन बाद 21 जनवरी को दोनों लौटकर थाने पहुंचे जहां पुलिस ने दोनों की शादी करा दी। थाने से ही पुलिस ने डायल 100 की गाड़ी से दोनों को बदलापुर पहुंचा दिया। उनका बेटा कहां गया इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो सकी है।