भाजपा की ओर से बरेका में तीन, चार और पांच अप्रैल को तीन दिवसीय सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य होगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि पहले लेखक मनोज मुंतशिर का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उसे स्थगित करना पड़ा। अब उसके स्थान पर सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का आयोजन किया जा रहा है, जो दर्शकों को भारतीय इतिहास और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करेगा। 250 से ज्यादा कलाकारों के साथ ही इस महानाट्य में रथ, पालकी और घोड़ों के साथ इस कार्यक्रम को भव्यता दी जाएगी।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के मार्गदर्शन में विक्रमोत्सव के माध्यम से सम्राट विक्रमादित्य की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि यह महानाट्य उज्जैन के महान सम्राट विक्रमादित्य के जीवन, शौर्य, पराक्रम, न्यायप्रियता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान पर आधारित होगा। विक्रम संवत के प्रवर्तक सम्राट विक्रमादित्य भारतीय इतिहास के ऐसे युगपुरुष रहे हैं, जिनका शासनकाल सुशासन और जनकल्याण के लिए जाना जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को भारत के स्वर्णिम अतीत से परिचित कराना और उनमें राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा जगाना है। बैठक में कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां तय की गईं। अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, नवरतन राठी, नवीन कपूर, संजय सोनकर, संतोष सोलापुरकर, सुरेंद्र पटेल, राहुल सिंह आदि शामिल रहे।