पीडब्ल्यूडी की ओर से लहरतारा से रवींद्रपुरी तक सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। पूरी सड़क फोरलेन बनाई जा रही है जिसकी चौड़ाई 26 मीटर होगी। मंडुवाडीह और भिखारीपुर के पास फ्लाईओवर के निर्माण के लिए जहां-जहां पिलर बनने हैं, वहां पाइलिंग का काम चल रहा है। सर्विस रोड के लिए जगह छोड़ी जा रही है।
करीब 10 किलोमीटर की दूरी 20 मिनट में पूरी होगी
लहरतारा से बीएचयू जाने के लिए एंबुलेंस को फिलहाल 40 मिनट से लेकर एक घंटे तक का सफर तय करना होता है। जाम के कारण कभी-कभी इंतजार करने की अवधि और बढ़ जाती है। इनके अलावा, आम लोगों को भी समस्या होती है। दोनों फ्लाईओवरों के निर्माण के बाद, 10 किलोमीटर की इस दूरी को पूरा करने में अधिकतम 20 मिनट ही लगेंगे।
दूसरे चरण में मंडुवाडीह चौराहे से कलेक्ट्री फार्म चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण कराया जाएगा। चौड़ीकरण के जद में आने वाले मकानों की गिनती जारी है। सड़क की चौड़ाई करीब 26 मीटर होगी और बिजली शिफ्टिंग के काम में 26.51 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी तरह, जमीन और मकान मुआवजा में 20 करोड़ और सिविल काम में 10 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। कुल लागत 56.51 करोड़ रुपये के आसपास होगी।
क्या है पूरा मामला
मंडुवाडीह फ्लाईओवर को ककरमत्ता आरओबी से जोड़ा जाएगा। इसके लिए शासन में डिजाइन भेजकर मंजूरी मांगी गई है। इससे यहां लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी। -केके सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी