इसकी सूचना पर रात करीब 11 बजे घिबही गांव में स्थित रेलवे क्रासिंग को गेट मैन ने बंद कर दिया। तभी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर गेट को तोड़ते हुए ट्रैक पर पहुंचकर बंद हो गया। यह देख ट्रैक्टर का चालक व उस पर बैठा श्रमिक वहां से कूदकर फरार हो गए।
इसी बीच दुद्धी की ओर से आ रही मालगाड़ी खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। ट्रैक्टर कई टुकड़ों में हो गया। विंढमगंज स्टेशन मास्टर आलोक कुमार ने बताया कि हादसे में ट्रैक्टर का मलवा मालगाड़ी के पहिये में फंस गया। इससे मालगाड़ी जाम हो कर खड़ी हो गई।
गेटमैन की सूचना पर रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी से मालगाड़ी में फंसे ट्रैक्टर के मलबे को निकाला गया। फंसे हुए ट्रैक्टर के इंजन को निकालने के बाद मालगाड़ी के चक्के और ट्रैक की जांच की गई। फिर करीब दो घंटे बाद मालगाड़ी को झारखंड की ओर रवाना किया गया।
घटना की सूचना रेलवे विभाग रेणुकूट में तैनात जेई नागमणि कुमार विंढमगंज थाना में दी है। ट्रैक्टर घिवही ग्राम पंचायत निवासी सुदर्शन यादव पुत्र दरगाही यादव का बताया जा रहा है। थाना पुलिस का कहना है कि रेलवे की ओर से पत्र मिला है। घटना इत्तफाकिया है। फिर भी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।