मकर संक्रांति पर नमो घाट पर स्नान करने वाद सूर्य को अर्घ्य देती युवतियां । अमर उजाला
मकर संक्रांति पर काशी में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बृहस्पतिवार तड़के से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब चार लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और काशी विश्वनाथ सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किया।
ब्रह्म मुहूर्त से ही दशाश्वमेध, अस्सी, पंचगंगा, मणिकर्णिका, केदारघाट और राजघाट समेत प्रमुख घाटों पर भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने तिल, गुड़, खिचड़ी और वस्त्रों का दान किया। महिलाओं ने घरों में 14 वस्तुओं का दान कर खिचड़ी का भोग बनाया और गंगा स्नान के बाद सूर्यदेव को जल में काले तिल मिलाकर अर्घ्य अर्पित किया। घाटों और मंदिर परिसरों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से भीड़ पर नजर रखी गई। एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें गंगा में मुस्तैद रहीं।