भगवान सूर्य की आराधना का महापर्व मकर संक्रांति 14 जनवरी को मनाया जाएगा। सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण होंगे और इसके साथ ही धनु से मकर राशि में प्रवेश करेंगे। काशी के पंचांगों में भेद के कारण कहीं सुबह तो कहीं दोपहर के बाद सूर्य का राशि परिवर्तन हो रहा है। ज्योतिषियों के अनुसार मकर संक्रांति का पुण्यकाल पूरे दिन भर रहता है इसलिए सुबह से ही स्नान और दान कर सकते हैं।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के अध्यक्ष प्रो. अमित कुमार शुक्ल ने बताया कि विश्वविद्यालय के पंचांग के अनुसार सूर्य का धनु राशि से मकर में गोचर दिन में 8:20 बजे से होगा। इसलिए सूर्योदय से सूर्यास्त तक पुण्यकाल मिलेगा।
ज्योतिषाचार्य ऋषि द्विवेदी ने बताया कि ऋषि पंचांग के अनुसार इस बार ग्रहराज सूर्य का धनु से मकर राशि में प्रवेश 14 जनवरी को दिन में 3:27 बजे होगा। सूर्य के प्रवेश करने के बाद आठ से 16 घंटा पुण्य काल। इसलिए 14 जनवरी को मकर संक्रांति मनाई जाएगी।