वाराणसी। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और खेती-किसानी प्रमुख चुनावी मुद्दे हैं। जनता को इस पर ही वोट कराना चाहिए। नफरत की राजनीति ने सामाजिक ताने बाने को काफी नुकसान पहुंचाया है। उक्त बातें सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटेकर ने बुधवार को कैंट स्टेशन पर कहीं।
मेधा पाटकर विभूति एक्सप्रेस से वाराणसी पहुंची और यहां से आजमगढ़ के निजामाबाद विस क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव के समर्थन में आयोजित जन सभा को संबोधित करने रवाना हो गईं। कई जन आंदोलनों की राष्ट्रीय संयोजिका रहीं मेधा पाटेकर ने कहा कि आगामी चुनावों में जाति धर्म की संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठ कर जमीनी मुद्दों पर सक्रिय और संघर्ष करने वाले उम्मीदवारों को चुनने में जनता को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। क्योंकि नफरत की राजनीति से समाज को कुछ भी हासिल नहीं होता है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण काल में स्वास्थ्य सेवाओं का हाल किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने लोगों से निजीकरण मुखालफत करने की अपील की।