शहर में गेल ने कई इलाकों के घरों में पीएनजी की सप्लाई के लिए पाइपलाइन बिछा दी है। जबकि मुख्य पाइपलाइन बिछाने के लिए पीडब्ल्यूडी से अनुमति नहीं मिल रही है। इससे 23 हजार घरों में पीएनजी नहीं पहुंच सकी। गेल संबंधित विभाग से अनुमति का इंतजार कर रहा है। गेल की ओर से वर्तमान में 55 हजार से ज्यादा घरों में पीएनजी की सप्लाई की जाने की तैयारी है। अब तक 32 हजार घरों में पीएनजी की सप्लाई की जानी है। बरेका, सुंदरपुर, बीएचयू, चितईपुर, सुसुवाहीं, शिवपुर आदि इलाकों के घरों में पीएनजी पहुंची है। वहीं कई इलाकों में पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है।
गेल के मार्केटिंग मैनेजर प्रवीण कुमार गौतम ने बताया कि बिरदोपुर, गिरीनगर, छोटी गैबी, मानस नगर, कबीर नगर क्षेत्र के लगभग तीन हजार घरों में पाइपलाइन का कनेक्शन दे दिया गया है। मेन पाइप लाइन डालने के लिए पीडब्ल्यूडी से अनुमति नहीं मिल रही है। इससे गैस की सप्लाई नहीं हो पा रही है।