मानसरोवर स्थित श्री राम तारक आंध्र आश्रम में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर वाल्मीकि रामायण का पाठ उरमिरी सोमायजुलु के शिष्यों ने किया। आश्रम के मैनेजिंग ट्रस्टी वीवी सुंदर शास्त्री, पप्पू कृष्ण प्रसाद, विरुपाक्ष शर्मा, मारकंडे शर्मा, पप्पू नरसिम्हा मूर्ति, रुकमणी देवी, सीता देवी आदि ने पूजन किया।
रोहनिया क्षेत्र के बघेड़ घमहापुर गंगापुर स्थित राम जानकी मंदिर में श्री रामचरितमानस का अखंड पाठ हुआ। आयुष मंत्री दयाशंकर दयालु, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. सुनील पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने भी पूजन किया। साथ ही भंडारे का भी आयोजन हुआ। आयोजक राजेश जैन ने बताया कि यह आयोजन आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। बहुजन समता पार्टी और पूर्वांचल मूवमेंट ने भेलूपुर स्थित कार्यालय में भी वाल्मिकी जयंती समारोह का आयोजन किया।
n पंचगंगा घाट पर जला आकाशदीप : शरद पूर्णिमा से ही घाट किनारे आकाशदीप जलने लगे हैं। सोमवार को भी पंचगंगा घाट पर आकाशदीप जलाए गए। मंगलवार को गंगा सेवा निधि की ओर से शहीदों की याद में दशाश्वमेध घाट पर जलाया जाएगा। जबकि गंगोत्री सेवा समिति के आकाशदीप का शुभारंभ रविवार को ही राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने किया।
कोजागिरी उत्सव पर सजी संगीत संध्या
श्री काशी महाराष्ट्र सेवा समिति की ओर से कोजागिरी उत्सव मनाया गया। चौक सिद्धेश्वरी स्थित नीलकंठ स्मृति भवन में संगीत संध्या का आयोजन हुआ। महालक्ष्मी भजन मंडली और वसुधा दीक्षित ने प्रस्तुती दी। मंडली के कलाकारों ने देवी गीत और भजन पेश किया। वसुधा ने राग रागेश्री में बड़ा ख्याल की बंदिश से शुरुआत की। उन्होंने मराठी नाट्य संगीत सुरानो चंद्र व्हा...सुनाया। उन्होंने श्रीरंगा कमलकांता या वृंदावनी वेणू या... तथा अभंग- माझे माहेर पंढरी... के मराठी सुरों से भावविभोर कर दिया। तबले पर किशन रामडोहकर और हारमोनियम पर जमुना वल्लभ गुजराती ने संगत की।
महर्षि वाल्मीकि की रामायण भारतीय संस्कृति का प्रेरणास्रोत : अशोक
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सोमवार को रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा अनुसूचित मोर्चा की ओर से हुए आयोजन में वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन, विचारों और समाज को दिए उनके योगदान को याद किया।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की रामायण भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आदर्श जीवन की प्रेरणास्रोत है। उनके विचार समाज को सत्य, धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनके जीवन से सत्य, सदाचार और समानता की सीख मिलती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल ने कहा कि उनके विचार समाज में समानता, न्याय, सत्य और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की प्रेरणा देते हैं। अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष शैलेश राम ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि महान ऋषि और कवि थे। उन्होंने संस्कृत महाकाव्य रामायण की रचना की, जिसमें भगवान श्रीराम के जीवन का वर्णन है। अध्यक्षता अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप ने की। संचालन रजनीश कनौजिया ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया प्रभारी जितेंद्र कुमार सोनकर, सनोज कुमार भारती, अजय कुमार सोनकर, सतवंत भारती, अवनिंद्र चौधरी, शिवलाल सोनकर, अनुराग चौधरी रहे।