फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sports News: काशी में पहली बार होगा दिव्यांग क्रिकेट का महाकुंभ, पूरे देश से एक हजार खिलाड़ी होंगे शामिल

Tue, 07 Jan 2025 05:03 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

16 से 18 फरवरी तक काशी में दिव्यांग क्रिकेट का महाकुंभ होगा। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में पूरे देश से 1000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 
विज्ञापन
निरीक्षण करते अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पहली बार दिव्यांग क्रिकेट का महाकुंभ काशी में होगा। पूरे देश से 1000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से टी-10 दिव्यांग प्रीमियर लीग (डीपीएल) सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जाएगी। प्रतियोगिता आईपीएल की तर्ज पर होगी। ऑल इंडिया दिव्यांग एसोसिएशन के अध्यक्ष उत्तम ओझा ने बताया कि एक राज्य से चार टीमें खेलेंगी। 

विज्ञापन


तीन दिवसीय प्रतियोगिता 16 से 18 फरवरी तक होगी। यूपी टीम ने अभ्यास शुरू कर दिया है। टीमों का आगमन 15 फरवरी से शुरू होगा। खिलाड़ियों को अलग-अलग होटल में ठहराया जाएगा। बताया कि ओलंपिक में दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से दिखा दिया है कि वह सामान्य खिलाड़ियों की तरह ही देश का मान बढ़ा सकते हैं।

डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम - फोटो : अमर उजाला
क्रिकेट : सुपर ओवर में बिहार ने यूपी को दो रन से हराया
यूपी टी-10 टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से सब जूनियर और फेडरेशन कप प्रतियोगिता सोमवार को डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खत्म हुई। सब जूनियर वर्ग के सुपर ओवर में बिहार ने यूपी को हरा दिया। जबकि फेडरेशन कप में यूपी को हराकर कर्नाटक चैंपियन बना। पहले बल्लेबाजी कर कर्नाटक ने आठ ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 109 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी यूपी की पूरी टीम आठ ओवर में 40 रन पर ऑलआउट हो गई। कर्नाटक ने 69 रन से मैच जीत लिया। सब जूनियर बालिका वर्ग का फाइनल बिहार और यूपी के बीच खेला गया। चार ओवर का मैच 23 रन पर ड्रॉ हो गया। सुपर ओवर में यूपी की टीम छह बॉल पर पांच रन जबकि बिहार की टीम ने चार बॉल पर छह रन बनाकर मैच जीत लिया। 3 से 6 जनवरी तक प्रतियोगिता में 22 टीमों के 280 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में 7 और बालक वर्ग में 15 टीमों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर एसोसिएशन के संयुत सचिव अजय सिंह उर्फ बॉबी, अभिषेक सिंह, नितेश शिंदे, आनंद जायसवाल, संदीप यादव, राजकमल यादव मौजूद थे।

उत्तर प्रदेश के घोषित कबड्डी टीम के खिलाड़ी - फोटो : अमर उजाला
10 दिन तक 36 ने की ट्रेनिंग, 24 चुने गए
50वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता उत्तराखंड के हरिद्वार में 8 से 11 जनवरी तक खेली जाएगी। लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को खत्म हो गया। उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ ने उत्तर प्रदेश की 24 सदस्यीय बालक-बालिका टीम घोषित कर दी। शॉर्ट लिस्टेड 36 खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर लालपुर स्टेडियम में लगाया गया। 23 दिसंबर से छह जनवरी तक रेड करने और दूसरी टीम के रेडर को घेरने का अभ्यास कराया गया। प्रदर्शन के आधार पर 12-12 खिलाड़ियों का चयन हुआ। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी विमला सिंह ने खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को खेल किट दिया।

अनुज, अदिति, राजेश। - फोटो : अमर उजाला
वॉलीबॉल : नेशनल खेलेंगे बीएचयू के 3 खिलाड़ी
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के तीन विद्यार्थियों का चयन सीनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए बिहार की टीम में हुआ है। इसमें एक छात्रा और दो छात्र हैं। सीनियर नेशनल टीम में चयनित खिलाड़ियों को विवि क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने शुभकामनाएं दीं। बताया कि सामाजिक विज्ञान संकाय में प्रथम वर्ष की छात्रा और राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी अदिती सिंह और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनुज कुमार सिंह का चयन सीनियर नेशनल टीम में हुआ है। सामाजिक विज्ञान संकाय के प्रथम वर्ष के छात्र और राष्ट्रीय खिलाड़ी राजेश सिंह का चयन छत्तीसगढ़ की टीम में हुआ है। सीनियर नेशनल चैंपियनशिप 7 से 13 जनवरी राजस्थान के जयपुर में खेली जाएगी।  

विजेता टीम - फोटो : अमर उजाला
यूपी ने जीती राज्यस्तरीय शिक्षक क्रिकेट प्रतियोगिता
संदहां में हुई राज्यस्तरीय शिक्षक क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को उत्तर प्रदेश ने मध्यप्रदेश को हराकर विजेता बनी। इससे पूर्व खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी कर उत्तर प्रदेश ने 10 ओवर में 104 रन बनाए।जवाब में झारखंड की पूरी टीम 99 रन पर ऑलआउट हो गई। यूपी ने इस मैच को पांच रन से जीत लिया।  
 

इस माह सिगरा स्टेडियम को मिलेगा बैडमिंटन कोच
बैडमिंटन के खिलाड़ियों को जल्द ही सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। कोच का ट्रायल आठ जनवरी को लखनऊ में होगा। खेल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस माह कोच नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी करने के साथ स्टेडियम में प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा।
 
विज्ञापन

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए आदित्य ने किया क्वालिफाई - फोटो : अमर उजाला
पावर लिफ्टिंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए आदित्य ने किया क्वालिफाई
पावरलिफ्टिंग में बीएचयू के छात्र आदित्य तिवारी ने स्वर्ण पदक जीता है। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया है कि बैचलर ऑफ वोकेशनल स्टडीज (होटल मैनेजमेंट) के छात्र आदित्य ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश स्टेट पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतकर राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में जगह बनाई। कोच डॉ. प्रमोद यादव की देखरेख में आदित्य शिवाजी हॉल में अभ्यास करते हैं।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें