वाराणसी। विकास प्राधिकरण कार्यालय के समीप स्थित पानी की टंकी पर बैठी महिला की सूचना पर बुधवार को पुलिस के साथ दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने महिला को आवाज दी तो वह नीचे नहीं उतरी। इस पर तीन दमकल कर्मी टंकी पर चढ़े तो मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले में अग्निशमन विभाग के तीन कर्मचारी और महिला घायल हो गए। आननफानन में सभी का उपचार कराया गया। कैंट थाने की पुलिस के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति सही नहीं प्रतीत हो रही थी, उसे शेल्टर होम के रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार लोगों ने सूचना दी थी कि महिला जान देने की नीयत से टंकी पर चढ़ी है। हालांकि ऐसी कोई बात नहीं थी।