कड़ाई के चलते पहले दिन 23 फीसदी परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा संचालित अरबी फारसी बोर्ड परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं है। कई परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी थे तो कई परीक्षा केंद्रों में बगैर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई। शासन से सख्त आदेश के बावजूद कई परीक्षा केंद्र ऐसे थे जहां सीसीटीवी कैमरा था ही नहीं और जहां था वहां सभी कमरों में कैमरे नहीं थे।
फिलहाल पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कड़ाई के चलते पहले दिन 23 फीसदी ने परीक्षा छोड़ दी। इसमें सर्वाधिक परीक्षा छोड़ने वालों में मुंशी व मौलवी यानी हाईस्कूल के परीक्षार्थी रहे।
अरबी फारसी बोर्ड परीक्षाएं सोमवार को 14 केंद्रों पर हुईं। इसमें दस परीक्षा केंद्र माध्यमिक स्कूलों को बनाया गया था। बोर्ड परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होनी थी लेकिन जयनारायण इंटर कॉलेज में सीसीटीवी कैमरे लगे ही नहीं थे।
केंद्र व्यवस्थापक मैदान में कुर्सी लगाकर परीक्षा की निगरानी करते नजर आए। उधर मदरसा हनफिया गौसिया बजरडीहा और मदरसा जामिया फारूकिया रेवड़ी तालाब में कोई भी पुलिस ड्यूटी पर नहीं था।
उधर एओ मुस्लिम इंटर कॉलेज, मदरसा जामिया मतलउल उलूम कमलगढ़हा, नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी, हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज आदि परीक्षा केंद्रों पर सकुशल संपन्न हुई।