मूल रूप से तिलभांडेश्वर, भेलूपुर निवासी आरोपी मनोज शर्मा चार भाइयों में से एक है। उसके भाई धर्मेंद्र शर्मा, किशन शर्मा और सुनील शर्मा हैं। सभी घुंघरानी गली में रहते हैं। बीते जनवरी में मनोज, पूनम और अपने भाई सुनील के साथ औरंगाबाद यादव गली स्थित राजू के मकान में किराये पर रहने लगा था।
पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया कि बुधवार देर रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। आरोपी शराब का आदी बताया जा रहा है और पहले भी दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था। देर रात ही मनोज ने पूनम की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने पूनम के मोबाइल से डायल 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह मोबाइल लेकर भाग निकला।
पुलिस ने आरोपी के भाई सुनील से पूछताछ की है। वहीं, पड़ोसियों का कहना है कि उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। जिस मकान में यह घटना हुई, वह करीब 50 साल पुराना है और उसके अधिकांश कमरे किराये पर दिए गए हैं। नीचे बैग बनाने का काम होता है, जबकि बगल में एक अन्य परिवार रहता है। थाना प्रभारी राजू ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सर्विलांस के माध्यम से आरोपी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम लगातार दबिश दे रही है।
आरोपी की तलाश के लिए टीम लगी है। घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। - अतुल अंजान त्रिपाठी, एसीपी दशाश्वमेध