वाराणसी। विदा हो रहे साल की अंतिम संध्या को युवाओं ने देश के नाम समर्पित किया। स्वदेश मित्रम से जुड़े युवाओं ने बुधवार को अस्सी घाट पर देशप्रेम से ओतप्रोत गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों से
लोगों को प्रेरित किया। रक्तदान किया, भारत माता की आकृति उकेरी और हाथों में तिरंगा लेकर गंगा की अविरल धारा को साक्षी मान नव वर्ष में देशहित के लिए काम करने का संकल्प लिया।
स्वदेश मित्रम से जुड़े बीएचयू, विद्यापीठ, सीएचएस आदि शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने संकल्प सभा में उत्साह के साथ भागीदारी की। इनके हाथों में तिरंगा था तो होठों पर देशप्रेम से
ओतप्रोत गीत और नारे गूंज रहे थे। इस बीच युवाओं ने घाट पर रंगोली से भारत माता की आकृति उकेरी और उसे दीपों से सजाया। प्रोजेक्टर के जरिये वीडियो क्लिप लोगों को दिखाकर नए वर्ष में देशहित में काम करने का संकल्प दिलाया। साथ ही महिला सशक्तीकरण, बेटी बचाओ
से जुड़े नाटकों का मंचन भी किया। इस दौरान युवाओं ने बीएचयू ब्लड बैंक के सहयोग से 42 यूनिट रक्तदान भी किया। संकल्प सभा में गौरव, गुलशन, शुभम आदि मौजूद रहे।