उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक प्रेमी युगल के जहर खाने का मामला सामने आया है। जिसमें प्रेमी की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं प्रेमिका की हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
जौनपुर के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव निवासी कृष्ण कुमार गौतम (19) का एक किशोरी से काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कृष्ण कुमार के परिवार वाले उसे किशोरी के घर जाने से रोकते थे लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था।
गुरुवार की दोपहर वह किशोरी के घर पहुंचा और कमरे में एक साथ दोनों ने जहर खा लिया। कुछ देर बाद जब दोनों तड़पते हुए चीखने लगे तो उनके परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। दोनों की हालत गंभीर होती गई। इसी बीच सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
यहां डॉक्टरों ने कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि किशोरी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में पुलिस दोनों के परिवार वालों को कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है।