वाराणसी। ऑटो से घर जा रही महिला से लहरतारा पुल के समीप शुक्रवार की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने सरेराह नकदी और जेवर छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फुलवरिया क्षेत्र की ओर भाग निकले। सूचना पाकर एसएसपी के निर्देश पर जिले भर में पुलिस ने चेकिंग शुरू की लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं लगा। पुलिस के अनुसार, बदमाश कैंट रेलवे स्टेशन से ही महिला के पीछे लग गए होंगे और मुफीद स्थान देख कर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
जंसा थाने के रामेश्वर खेवली के मूल निवासी संजय सिंह का परिवार बौलिया में रहता है। संजय की पत्नी किरन सिंह गाजीपुर की बस से कैंट स्टेशन पर उतरीं। इसके बाद वह ऑटो में पीछे की सीट पर दाएं तरफ किनारे बैठ कर घर जा रही थी। किरन के अनुसार, लहरतारा पुल से थोड़ा पहले ही बाइक सवार दो बदमाश आए और उनके हाथ से उनका बैग छीन कर तेजी से भाग निकले। बैग में 10 हजार रुपये और 60 हजार रुपये से ज्यादा मूल्य के जेवर थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस आई और जिले भर में चेकिंग शुरू की गई, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं लगा। किरन की तहरीर के आधार पर सिगरा थाने में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस वारदात की जांच कर रही है।
----------
बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह चेन छीनी
वाराणसी। सामने घाट क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा सवार युवती के गले पर झपट्टा मार कर चेन छीन ली। प्रकरण की जानकारी पुलिस को दी गई लेकिन बदमाशों का पता नहीं लगा। सामने घाट की नीतू यादव के अनुसार वह ई-रिक्शा से जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश आए और गले पर झपट्टा मार कर सोने की चेन छीन लिए। इसके बाद दोनों तेजी से मलहिया की ओर निकल गए। घटना को लेकर नीतू के साथ ही क्षेत्र के लोगों में पुलिस की कार्यशैली के प्रति खासी नाराजगी देखने को मिली।