वाराणसी। कंदवा क्षेत्र की मणि नगर कॉलोनी के समीप सोमवार की दोपहर बाइक सवार दो बदमाश जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक अशोक कुमार पासवान की पत्नी पूनम के हाथ से तीन लाख रुपये से भरा बैग छीन कर भाग निकले। अशोक भिखारीपुर स्थित इलाहाबाद बैंक से पैसा निकाल कर बाइक से पत्नी के साथ घर जा रहे थे। वारदात की सूचना पाकर पुलिस पहुंची लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। आशंका जताई गई है कि बदमाशों ने बैंक से ही दंपति का पीछा किया और सड़क खाली देख कर वारदात को अंजाम दिया।
कंदवा क्षेत्र के परमहंस नगर कॉलोनी निवासी अशोक इन दिनों पहाड़ी में अपना मकान बनवा रहे हैं। दोपहर के समय वो और उनकी पत्नी पूनम बाइक से इलाहाबाद बैंक गए। अशोक ने तीन लाख रुपये निकाला और बैग में डाल कर पत्नी को थमाने के बाद घर चल दिए। मणि नगर कॉलोनी के समीप पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मार कर बैग पूनम के हाथ से छीन लिया। पूनम ने एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो उसने उन्हें झटक दिया और दोनों चितईपुर की ओर भाग निकले। बैग में रुपयों के अलावा, एटीएम, पासबुक, चेक बुक और दो मोबाइल सहित अन्य सामान भी थे।
सूचना पाकर मंडुवाडीह व लंका थाना की पुलिस, क्राइम ब्रांच, सीओ भेलूपुर और एसपी सिटी के साथ एसएसपी पहुंचे। पुलिस को पूनम ने बताया कि बैंक में दो युवक उनके आगे-पीछे चक्कर काट रहे थे। उनकी फोटो देख कर वह उन्हें पहचान जाएंगी। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि बैंक के सीसी कैमरे में दो युवक संदिग्ध प्रतीत हुए हैं। दंपति के बैंक से घर जाने वाले मार्गों पर लगे सीसी कैमरोें की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों को चिह्नित कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
तीन दिन पहले भी सरेराह छीन लिए थे महिला के जेवर
जिले में हत्या, चेन स्नेचिंग और लूट की वारदातों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, लेकिन पुलिस खुलासा नहीं कर पा रही है। 21 जून की रात ककरमत्ता पुल के समीप बदमाश बाइक सवार महिला के जेवर सरेराह छीन लिए थे। महिला ने शोर मचाया और स्थानीय लोग दौड़े तो बदमाश जेवर और बाइक छोड़ कर भाग निकले। 21 जून को ही डीरेका में दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक का मोबाइल छीनने का प्रयास किया था। 17 जून की रात कपसेठी थाने के सकलपुर गांव के समीप आभूषण कारोबारी कमलेश सेठ से बदमाश 250 ग्राम सोने के जेवर और 20 हजार रुपये लूट लिए थे। इन वारदातों की तरह रोहनिया, लोहता, चेतगंज, शिवपुर और फूलपुर क्षेत्र की लूटपाट की घटनाओं का भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।