जनसभा में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने भोजपूरी में अपना संबोधन शुरू कर लोगों को लुभाया। कहा कि ‘हमरे पास तो हेलीकाप्टर नाही बा, हम त रिक्शा खींच कर नामांकन करे जाइब। इहा इहे सोच कर आइल हइन कि हमें आप सब क आशीर्वाद मिली’।
अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि ‘बड़ भईया नामांकन के बाद कहने कि खाली दौड़ में पास होवे पर नौकरी दिहे, एकर मतलब जानत हवा का भईल... उ हमरे परिवार के बच्चन के अनपढ़ बनावल चाहत बाने’।
उन्होंने कहा कि ‘एक निरहुआ उनके साइकिल क हवा निकाल देहले हवे, सोचे जब घर-घर निरहुआ हो जाईहे तो उनकर का होई’। निरहुआ ने मंच से कहा कि चुनाव खत्म होते ही अगले दिन से जिले में विश्वविद्यालय का निर्माण शुरू हो जायेगा, ताकि युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए भटकना ना पड़े।
नामांकन जनसभा में भीड़ तो अच्छी खासी थी, लेकिन भीड़ में शामिल ज्यादातर लोग निरहुआ को देखने व सुनने के लिए आए थे। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडेय के बोलने के ठीक पहले दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जनसभा को संबोधित किया।
निरहुआ के संबोधन तक तो चिलचिलाती धूप के बाद भी भीड़ टस से मस नहीं हुई, लेकिन जैसे ही निरहुआ का संबोधन खत्म हुआ और उद्घोषक ने मुख्य अतिथि को आमंत्रित किया तो पंडाल में जमा भीड़ तेजी से छंटने लगी। प्रदेश अध्यक्ष के संबोधन के दौरान लगभग 20 से 25 प्रतिशत लोग पंडाल छोड़ चुके थे।