Varanasi Lok Sabha Election Result 2024 : पीएम मोदी वाराणसी से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर सांसद बने। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय राय को शिकस्त दी। खास बात ये है कि नरेंद्र मोदी की जीत का अंतर इस बार घट गया। 2019 में मोदी ने 479505 वोटों से जीत दर्ज की थी।
भाजपा के नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी सीट से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के अजय राय को 152513 वोटों से हरा दिया, उन्हें 612970 वोट मिले। हालांकि 2014 और 2019 की अपेक्षा उनकी जीत का रिकॉर्ड घट गया। 2014 के चुनाव में प्रधानमंत्री को 581022 वोट मिले थे और उन्होंने 371784 मतों से जीत हासिल की थी। इसी तरह 2019 के चुनाव में नरेंद्र मोदी ने 479505 वोटों से जीत दर्ज की थी।
विज्ञापन
मंगलवार को जब मतगणना शुरू हुई तो पहले चार राउंड तक कांग्रेस के अजय राय आगे रहे और पांचवें राउंड से प्रधानमंत्री को बढ़त मिली। इसके बाद वह बढ़त बनाते चले गए। पहले राउंड में कांग्रेस के अजय राय को 11480 और भाजपा के नरेंद्र मोदी को 5257 वोट मिले। 6223 वोट से अजय राय आगे रहे।
दूसरे राउंड में अजय राय को 14503 वोट मिले तो नरेंद्र मोदी को 9505 वोट मिले। अजय राय 4998 से आगे रहे। वहीं तीसरे राउंड में अजय राय 18629 और नरेंद्र मोदी को 14540 वोट मिले। इस राउंड में अजय राय 4089 वोटों से आगे रहे। इसके बाद चौथे राउंड में अजय राय को 21552 वोट मिले तो नरेंद्र मोदी को 19924 वोट मिले, इस राउंड में भी अजय राय 1628 से आगे रहे।