नामांकन प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को नाम वापसी होगी। कलेक्ट्रेट सभागार में सुबह 11 से अपराह्न 3 बजे के बीच में नाम वापसी होगी। मैदान में आठ प्रत्याशी हैं। इनमें राष्ट्रीय पार्टी से भाजपा के नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के अजय राय, बसपा के अतहर जमाल लारी हैं। वहीं, राज्य स्तरीय पार्टी युग तुलसी पार्टी के कोलीशेट्टी शिव कुमार, पीडीएम के गगन प्रकाश, राष्ट्रीय समाजवादी जनक्रांति पार्टी के पारस नाथ केसरी हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों में दिनेश कुमार यादव और संजय कुमार तिवारी ने नामांकन किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी एस राजलिंगम के अनुसार नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा।
6 करोड़ से संवरेगा टूरिस्ट बंग्लो
पर्यटन विभाग कैंट स्थित टूरिस्ट बंग्लो का 6 करोड़ में जीर्णोद्धार कराएगा। कैंट स्थित टूरिस्ट बंग्लो में 25 नए रूम, पार्किंग की नई व्यवस्था के साथ फर्नीचर बदले जाएंगे और लग्जरी सुविधाएं दी जाएंगी। अभी यहां 30 रूम हैं। उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत ने बताया कि यहां पर विदेश की तर्ज पर सुविधाएं देनी की प्लानिंग चल रही है।
विकास भवन से मिलेगा ड्यूटी आदेश
चुनाव को ध्यान में रखकर जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने आदेश जारी किया है। ड्यूटी आदेश विकास भवन से शुक्रवार को दिया जाएगा। सभी विभागाध्यक्षों से कहा गया है कि अपने अपने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का ड्यूटी आदेश प्राप्त कर लें।
सुरजेवाला मामले में अब 18 मई को सुनवाई
कांग्रेसी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में धरना-प्रदर्शन व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोपी कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के 24 वर्ष पुराने मामले में प्रभारी एमपी-एमएलए रजत वर्मा की अदालत में मंगलवार को सुनवाई टल गई। सुप्रीमकोर्ट में दाखिल याचिका सूचीबद्ध न होने से अब 18 मई को अगली सुनवाई होगी।
बीएचयू के स्कूलों में दाखिले के लिए 21 जून से काउंसिलिंग
बीएचयू से जुड़े स्कूलों में दाखिले के लिए 21 जून से काउंसिलिंग कराई जाएगी। अप्रैल के अंतिम सप्ताह से मई के पहले सप्ताह तक हुई प्रवेश परीक्षाओं के बाद उनकी प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी गई है। 17 मई तक परीक्षाथीZ आपत्तियां दाखिल कर सकेंगे। इसके लिए ही एक सवाल पर 100 रुपये की फीस भी देनी होगी। इसके बाद फाइनल आंसर की 25 मई को जारी की जाएगी।
बीएचयू से जुड़े सेंट्रल हिंदू ब्वायज और गर्ल्स स्कूल में कक्षा नौवीं और 11वीं में दाखिले के लिए 65 हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। 29 अप्रैल से 03 मई तक प्रवेश परीक्षाएं करवाई गईं। अब बीएचयू की वेबसाइट पर स्कूल इंट्रेंस टेस्ट की प्रोविजनल आंसर की 15 मई को अपलोड कर दी गई। विश्वविद्यालय की ओर से 17 मई तक आपत्तियां मांगी गई हैं। इसमें अगर किसी को किसी सवाल पर कोई आपत्ति है तो वह उस पर आपत्ति कर सकता है। इसकी अंतिम तिथि 17 मई यानी बृहस्पतिवार तक है।
इन तिथियों का जानना है जरूरी
- फाइनल आंसर की अपलोड करने की तिथि 25 मई
- प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी 05 जून
- 11वीं गणित की काउंसिलिंग 21 जून
- 11वीं बायोलॉजी की काउंसिलिंग 22 जून
- 11वीं कला की काउंसिलिंग 24 जून
- 11वीं वाणिज्य की काउंसिलिंग 25 जून
- नौंवी की काउंसिलिंग 26 जून
- नौंवी में पेड सीट की काउंसिलिंग 05 जुलाई
किन्नर समाज ने अजय राय को दिया समर्थन