एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी
- फोटो : अमर उजाला
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान पहुंचे। वहां उनकी जुबान अपनी ओरिजिनल जुबान पर आ गई। उन्होंने बताया कि 17 करोड़ मुसलमान घुसपैठी हैं और वह ज्यादा बच्चे पैदा करते हैं। मोदी की एक ही गारंटी है मुसलमानों से नफरत...।
दूसरी गारंटी है संविधान बदलना...। तीसरी गारंटी है गरीब और पिछड़ों के आरक्षण को खत्म करना। उन्होंने कहा कि देश की पांच फीसदी जनता के पास देश की 60 फीसदी दौलत है। भाजपा को जिसने इलेक्टोरल बॉन्ड दिया, उसे ठेके मिले। ओवैसी ने कहा कि 13 मई के बाद हम फिर आएंगे और जो गरीबों का खून पीते हैं उन जालिमों के खिलाफ जनता को फिर से आगाह करेंगे।
पिछड़ों के आरक्षण और मुसलमानों पर अखिलेश कुछ बोल नहीं पाते
ओवैसी ने कहा कि पिछड़ों और मुसलमानों के बारे में कुछ पूछने पर अखिलेश यादव कुछ बोल नहीं पाते हैं। मुरादाबाद से उन्होंने एचटी हसन को टिकट सिर्फ इसलिए नहीं दिया ताकि वह दोबारा जीत कर मजबूत न हो जाएं।
सपा या कांग्रेस ने कभी हम लोगों के साथ न्याय नहीं किया। हमने तीन तलाक और सीएए का खुलकर विरोध किया। हम यूपी की राजनीति के एक बड़े तबके के लिए एक विकल्प लेकर आए हैं। सपा और भाजपा से छुटकारा पाना है तो पीडीएम न्याय मोर्चा को मजबूत करना होगा।