सपा मुखिया अखिलेश सिंह यादव ने कहा कि भाजपा के झूठ की जड़ों को हिलाने का काम महागठबंधन करेगा। मोदी और योगी पर हमला करते हुए अखिलेश ने चौकीदार के साथ कीदार को हटाने की जनता से अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा 36 दलों से ज्यादा दलों की मिलावट पर खड़ी है। लेकिन इस बार परिवर्तन की हवा चल रही।
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो वाराणसी में एक फौजी से डर गए वो आतंकवाद और नक्सलवाद से क्या लड़ेंगे। इस दौरान चौधरी अजित सिंह के बारे में अखिलेश यादव ने बताया कि हम तीनों पार्टियां मिल के देश में महा परिवर्तन लाएंगी। जौनपुर की जनसभा को समाप्त करते हुए अखिलेश यादव, मायावती और अजित सिंह भदोही के लिए रवाना हो गए।
इसके बाद 4.04 बजे मायावती और अखिलेश भदोही पहुंचे। मायावती ने संबोधित करते हुए कहा कि जनता इस बार नमो-नमो करने वालों की छुट्टी करने वाली है। पीएम मोदी के बयान पर मायावती ने भदोही में कहा कि आज भाजपा की सरकार प्रदेश में है तो सरकार भदोही का नाम बदल कर संतकबीर नगर क्यों नहीं रख देती।
माया ने कहा कि जो बाबा योगी आज आप लोगों के बीच आकर वोट मांग रहे हैं, वो चुनाव जीतने के बाद अपने मठ में वापस चले जाएंगे। भाजपा एंड कंपनी के लोग गठबंधन से बौखलाए हुए है।
नाम लिए बिना कहा कि आजमगढ़ के कांग्रेस का एक प्रत्याशी भदोही में आ कर अखिलेश को समर्थन करने की बात कह रहा है। मुझे लगता है कि दाल में जरूर कुछ काला है। भाजपा ने अपने किसी कार्यकर्ता को कांग्रेस से चुनाव लड़ा कर गठबंधन के खिलाफ साजिश रची है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज करते हुए कहा कि इनके भाषण शौचालय से शुरू हो कर शौचालय पर ही खत्म होते है। 2014 में किए गए सभी वादे भूल गई सत्ताधारी सरकार। भाजपा और कांग्रेस दोनों एक ही जैसे है। भाजपा के देश में शासन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।