Lok Sabha Election 2024 : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व इंडी गठबंधन प्रत्याशी अजय राय ने एग्जिट पोल को फर्जी बताते हुए कहा कि यह कमरे में बैठकर किया गया सर्वे है। इस चुनाव में इंडी गंठबंधन को जनता का बहुत प्यार मिला है।
मतदान और चुनाव की व्यस्तताओं के बाद रविवार का दिन इंडी गठबंधन व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के लिए राहत भरा रहा। दिन की शुरुआत अपनी नियमित दिनचर्या से करने के बाद उन्होंने पूरा दिन परिवार के साथ बिताया। इसके साथ ही चार जून को होने वाली मतगणना की रणनीति पर भी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की।
विज्ञापन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि इस बार का चुनाव बहुत अच्छा हुआ है। हम लोग 17 सीटों पर मजबूती से लड़ रहे हैं। गठबंधन का बहुत फायदा मिला है। इस बार का परिणाम बहुत अलग आएगा। 2014 और 2019 के चुनाव के मुकाबले इस चुनाव में जनता का बहुत प्यार मिला है। इस बार जनता चुनाव लड़ी है। हर वर्ग ने हमें वोट दिया है।
अजय राय ने कहा कि बसपा का ट्रेडिशनल वोट, अपना दल का वोट और सुभासपा का वोट भी हमको मिला है। पार्टी की पांच गारंटी और गठबंधन के कारण बहुत फायदा मिला है। ऐसे वोट भी मिले हैं जो 20 साल से पार्टी को नहीं मिले थे। निश्चित तौर पर जो एग्जिट पोल दिखा रहे हैं वह पूरी तरह से फर्जी हैं। यह कमरे में बैठकर किया गया सर्वे है। पूरे प्रदेश में इंडी गठबंधन को उत्तर प्रदेश का भरपूर समर्थन मिलने जा रहा है।