अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राहुल बाबा तो ऐसे मातम में डूब थे जैसे, उनकी नानी मर गईं हो। राहुल गांधी से पूछना चाहिए था कि आखिर क्यों चेहरे का नूर उड़ गया। आपके चचेरे या ममेरे थे क्या ये आतंकवादी।
अमित शाह ने कहा कि राहुल के सलाहकार सैम पित्रोदा ने कहा था कि दो-चार लड़कों ने बम गिरा दिए तो आपने पूरे पाकिस्तान पर बम क्यों गिराए? पाकिस्तान से बात करो। हमने जोर देकर कहा कि राहुल बाबा और मायावती-अखिलेश को अगर आतंकियों से इलू-इलू करना है तो करो, पर यह मोदी की सरकार है। पाकिस्तान से गोली आएगी तो यहां से गोला जाएगा।
देश की सुरक्षा के साथ हम समझौता नहीं कर सकते। कश्मीर में अखिलेश और राहुलबाबा के साथी उमर अब्दुल्ला कहते हैं कि कश्मीर में अलग प्रधानमंत्री होना चाहिए। पर राहुल बाबा कान खोलकर सुन लें कि नरेंद्र मोदी सरकार जब तक यहां है, भाजपा के लोगों के शरीर में जब तक प्राण है। कश्मीर को इस देश से कोई अलग नहीं कर सकता। ना ही वहां कोई प्रधानमंत्री अलग से बनने देंगे।
शाह ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से जिताने की अपील की और कहा कि भाजपा की सरकार आते ही हमारी सरकार कश्मीर से धारा 370 को उखाड़ फेंकेगी।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में कहा गया कि देश से देशद्रोह कानून को हटा दिया जाएगा। किस लिए हटाएंगे? जेएनयू में नारे लगते हैं, हिंदुस्तान तेरे टुकड़े होंगे। क्या ऐसे लोगों के समर्थन में देशद्रोह कानून हटाया जाएगा?
अपनी जनसभा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने खुलासा किया कि जाकिर नाइक ही श्रीलंका में हुए बम विस्फोट का मास्टर माइंड है। उन्होंने कहा कि उससे किसी ने पूछा कि भारत कब आओगे तो उसने कहा कि 27 के बाद जब भारत में राहुल गांधी की सरकार बन जाएगी।
अमित शाह ने कहा कि जाकिर को यकीन है कि उस आतंकी को भारत में कांग्रेस की सरकार कुछ नहीं कहेगी। पर इस बार भी मोदी सरकार ही आएगी और जाकिर नाइक भारत आया तो उसे जेल की सलाखों के पीछे कर दिया जाएगा।
अमित शाह ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे देश में मोदी-मोदी का नारा लग रहा है। यह महज चुनावी नारा नहीं बल्कि देश के सवा सौ करोड़ देशवासियों का आर्शीवाद है। 23 मई के बाद देश में एक बार फिर मोदी की सरकार चुनकर आएगी।
देश की जनता 70 सालों से मोदी जैसे नेता का ही इंतजार कर रही थी जो देश के गरीबों, पिछड़ों आदिवासियों के लिए काम कर सके। मोदी जी ने पिछले 20 सालों से कोई छुट्टी नहीं ली है। वहीं राहुल बाबा जब छुट्टी पर जाते हैं तो पता ही नहीं चलता किकहां चले गए हैं। उनकी मां भी ढूंढती है कि बेटुवा कहां चले गए। राहुल और उनके परिवार के लोगों ने 55 साल शासन किया। देश के गरीबों के लिए कुछ नहीं किया।
मोदी ने पिछले पांच सालों में सात करोड़ माताओं और बहनों को उज्जवला के तहत गैस कनेक्शन दिया, 12 करोड़ शौचालय, दो करोड़ मकान, 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख तक का स्वास्थ्य बीमा दिया। कांग्रेस, सपा-बसपा के शासन काल में ऐसा नहीं हुआ।