शिक्षक का व्हॉट्सएप हैक कर 31 हजार की ठगी
जैतपुरा थाना क्षेत्र के लद्दनपुरा निवासी मोहम्मद कैफ अंसारी का व्हॉट्सएप हैक कर 31 हजार की साइबर ठगी की गई है। कोचिंग शिक्षक मोहम्मद कैफ ने पुलिस को बताया कि छात्र ने व्हॉट्सएप नंबर से बीमारी का बहाना बनाकर 31 हजार की मदद मांगी। छात्र के भेजे गए क्यूआर कोड को स्कैन कर रकम भेज दी। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच कराई जा रही है।
पार्ट्स बेचने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
बाइक चोरी कर पार्ट्स बिक्री करने वाले दो आरोपियों मुमताज और प्रवेश गुप्ता को कैंट पुलिस ने मंगलवार को मानसिक अस्पताल के पीछे धोबी घाट से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी की तीन बाइक और पार्ट्स बरामद हुए। एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में चौबेपुर थाना क्षेत्र के गोरख कला अड़िया निवासी मुमताज और बरियासनपुर सिंधोरा निवासी प्रवेश गुप्ता हैं। सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय की पूछताछ में आरोपी मुमताज ने बताया कि एक महीने पहले बाइक चोरी की थी। इसे बेचने के लिए चौबेपुर क्षेत्र में खड़ा किया गया था।
बंद घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी
रोहनिया थाना क्षेत्र के मूड़ादेव गांव में चोरों ने चालक अजय कुमार पटेल के बंद घर को निशाना बनाकर लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मूड़ादेव निवासी अजय कुमार पटेल सोमवार को पत्नी सरिता को लेने सुंदरपुर में ससुराल गए थे। शाम को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरे में रखी अलमारी भी टूटी मिली।
चोर अलमारी में रखे 20 हजार नकद के अलावा मंगलसूत्र, मांगटीका, नथ, अंगूठी, पायल और चांदी की चेन सहित लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
शिवपुर थाने का है मामला।
- फोटो : अमर उजाला
वीडियो कॉल से महिला को किया परेशान, प्राथमिकी
शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी महिला को व्हाट्सएप पर लगातार अश्लील संदेश भेजने और देर रात वीडियो कॉल कर प्रताड़ित करने के मामले में पीड़िता के पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के अनुसार, चांदमारी निवासी महिला के पति ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पत्नी के व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से 18 से 20 जून 2026 के बीच लगातार अश्लील और अभद्र संदेश भेजे गए। विरोध के बावजूद आरोपी की हरकतें नहीं रुकीं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अश्लील मैसेज भेजने के बाद आरोपी उसी नंबर से देर रात बार-बार वीडियो कॉल कर महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
शीतला माता मंदिर की दानपेटी चोरी
सारनाथ थाना क्षेत्र के चंद्रा चौराहा-बलुआ रोड पर शीतला माता मंदिर में सोमवार रात दानपेटी चोरी हो गई। दूसरी बड़ी दानपेटी तोड़ने के दौरान भारी घंटा गिरने से चोर घबरा गए और भाग निकले। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें चोर ऑटो से आते दिखाई दे रहे हैं। सुबह पुजारियों और लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दानपेटी करीब एक साल से नहीं खोली गई थी, जिससे उसमें अच्छी-खासी नकदी थी। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अस्पताल का नंबर लेने के नाम पर महिला से ठगी
कज्जाकपुरा निवासी सरिता सर्राफ के साथ अस्पताल में ऑनलाइन नंबर बुक कराने के बहाने 91725 की साइबर ठगी हो गई। पीड़िता ने आदमपुर पुलिस को बताया कि इंटरनेट से मिले नंबर पर कॉल करने के बाद एक अन्य व्यक्ति ने लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैंग हो गया और बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से चार बार में 91725 निकल गए। राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद आदमपुर थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच कराई जा रही है।
महिलाओं से अभद्रता करने का आरोपी गिरफ्तार
दशाश्वमेध पुलिस ने गोदौलिया चौराहे पर महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करने के आरोपी गुड्डू राजभर को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पहड़िया सारनाथ का निवासी है।
इंस्टाग्राम पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने का आरोप
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से कथित तौर पर बाल अश्लील सामग्री प्रसारित करने के आरोप में चौबेपुर पुलिस ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई गृह मंत्रालय, भारत सरकार की साइबर टिपलाइन से मिली सूचना के आधार पर की गई। साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक चंद्रमोहन यादव ने बताया कि 13 जुलाई को मिली शिकायत पर डिजिटल साक्ष्यों की जांच में प्रथम दृष्टया बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रसारित किए जाने के संकेत मिले।
खाते से जुड़े मोबाइल नंबर और अन्य अभिलेखों के आधार पर आरोपी की पहचान अजीत यादव, निवासी रुस्तमपुर, चौबेपुर के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ आईटी अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जाएगा।
महिला से मारपीट, चार पट्टीदारों पर प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के जोगियापुर गांव में पारिवारिक विवाद में महिला की पिटाई के मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। जोगियापुर निवासी पुष्पा देवी का आरोप है कि उनके दरवाजे पर पट्टीदारों ने गाली-गलौज कर पिटाई कर दी। मारपीट में घायल महिला ने पहले छतेरी गांव के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया। आरोप है कि घर लौटने के बाद भी आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पति के घर लौटने के बाद पीड़िता देर रात मिर्जामुराद थाने पहुंची और घटना की तहरीर दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर छबीनाथ, रविशंकर, तेजशंकर और राजकुमारी पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि जांच की जा रही है।
घर से लापता हुई किशोरी, गुमशुदगी दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र से किशोरी के लापता होने के मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र निवासी किशोरी 5 जुलाई की रात घर से बिना किसी को बताए ली गई। खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने चौबेपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
अधिवक्ताओं ने पढ़ा हनुमान चालीसा
तहसील राजातालाब में उप जिलाधिकारी के खिलाफ अधिवक्ताओं का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर तहसील परिसर में बैठक की। इसके बाद धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर विरोध दर्ज कराया। राजातालाब बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व उप जिलाधिकारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और अधिवक्ताओं के लिए असंसदीय भाषा का प्रयोग किया। प्रदर्शन में मनीष कुमार सिंह, निशा उपाध्याय, अंजू कुमारी, आशीष कुमार रहे।
दाह संस्कार में आए व्यक्ति की गंगा में डूबने से मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा उपरवार घाट पर सोमवार रात दाह संस्कार में आए चिंगन यादव (45) गंगा में डूबने से मौत हो गई। गंगा किनारे पैदल जाते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चिंगन यादव निवासी वाजिदपुर, हरहुआ अपनी रिश्तेदारी के गांव सोनबरसा अड़ारे में एक परिजन के निधन की सूचना पर आए थे। परिजनों का अंतिम संस्कार परनापुर घाट पर हो रहा था। इसी दौरान वह गौरा उपरवार घाट से पैदल गंगा किनारे होते हुए परनापुर घाट जा रहे थे। रास्ते में अचानक उनका पैर फिसल गया।थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद कार्रवाई होगी।
कुख्यात सोनू की तीन मामलों में हुई कोर्ट में पेशी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी और पूर्व विधायक मलखान सिंह हत्याकांड के सजायाफ्ता सोनू गौतम को मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच बनारस से अलीगढ़ लाया गया। यहां उसे तीन अलग-अलग मामलों में एडीजे ईसी एक्ट राकेश वशिष्ठ की अदालत में पेश किया गया। मूल रूप से गोंडा के शहरी मदनगढ़ी निवासी सोनू गौतम पर अलीगढ़ में कई संगीन मामले दर्ज हैं।
मंगलवार को उसे तीन अलग-अलग मुकदमों में कोर्ट में पेश किया गया, जिनमें हरदुआगंज में ठेकेदार अनिल चौधरी की हत्या, बन्नादेवी में पुलिस मुठभेड़ और क्वार्सी क्षेत्र का गेस्ट हाउस गोलीकांड शामिल है। अदालत की कार्यवाही पूरी होने के बाद पुलिस बल उसे वापस बनारस लेकर रवाना हो गया। तीनों मामलों में अगली सुनवाई के लिए 28 जुलाई को होगी।
जन्मतिथि में हेरफेर, नौकरी के आरोप में प्राथमिकी
नगर पालिका परिषद जौनपुर के श्रेणी-दो के लेखाकार संजय जैन के खिलाफ जन्मतिथि में हेरफेर कर दो वर्ष अधिक सेवा करने और सरकारी धन का अनुचित लाभ लेने के आरोप में शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। नगर निकाय निदेशालय के निर्देश पर धोखाधड़ी, जालसाजी और सरकारी धन के दुरुपयोग सहित अन्य धाराओं में यह कार्रवाई की गई है। नगर पालिका के प्रभारी लेखाकार मनोज कुमार चौरसिया की तहरीर के अनुसार, संजय जैन की वास्तविक जन्मतिथि 15 अप्रैल 1964 है और उनकी अधिवर्षिता आयु 30 अप्रैल 2024 को पूरी हो चुकी थी।
आरोप है कि उन्होंने आधार कार्ड और पैन कार्ड में जन्मतिथि 15 अप्रैल 1966 दर्ज कराकर सेवा अवधि दो वर्ष बढ़ा ली। इसी आधार पर उन्होंने नगर निगम वाराणसी से स्थानांतरण कराकर 25 नवंबर 2024 को नगर पालिका परिषद जौनपुर में लेखाकार श्रेणी-दो का कार्यभार ग्रहण किया। आरोप है कि सेवानिवृत्ति की वास्तविक तिथि की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने यह तथ्य छिपाया और कूटरचित अभिलेखों के आधार पर वेतन का लाभ लेते रहे।
द वाइब बार के बाहर मारपीट, 3 गिरफ्तार
सिगरा थाना क्षेत्र में स्मार्ट बाजार के पास द वाइब बार में मंगलवार रात मामूली बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार रोपियों में वैभव जायसवाल निवासी हबीबपुरा, चेतगंज, शाहिद खान निवासी शिवपुर और समीर कुमार निवासी दया नगर सिगरा के रहने वाले हैं।
काशी में मानसून ब्रेक जैसे हालात उमस और तपिश की चेतावनी
काशी में मानसून ब्रेक जैसे हालात बन गए हैं। मानसून आने के दूसरे सप्ताह में ही कमजोर पड़ गया है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से तेज तपिश और उमस की चेतावनी जारी कर दी गई है। अगले तीन से चार दिनों तक ज्यादा गर्मी पड़ने के साथ ही हल्की बारिश का भी अनुमान है। मंगलवार को काशी का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री ऊपर 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हवा में नमी 63 से 72 फीसदी के बीच में रही। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण कहीं-कहीं बिजली गिरने के साथ हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। मानसून की द्रोणी के अपनी सामान्य स्थिति से काफी उत्तर में तराई की ओर शिफ्ट हो गई है। मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ गई हैं। बंगाल की खाड़ी में संभावित निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से 17 जुलाई से एक बार फिर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना बन रही है।
सारनाथ में मध्याह्न भोजन खाकर बीमार हुए बच्चे, अभिभावकों ने किया हंगामा
सारनाथ के पतेरवा के नई बाजार में प्राथमिक विद्यालय पर मध्याह्न भोजन खाकर बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के बाद मंगलवार को विद्यालय पहुंचकर अभिभावकों ने हंगामा किया। सुबह भोजन लेकर पहुंची टीम को भी लोगों ने वापस कर दिया।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि अप्रैल में जब से विद्यालय खुला है तब से खाना आ रहा है। बच्चे घर जाकर खाने की गुणवत्ता ठीक न होने की शिकायत भी करते हैं। इस बीच दो दिन से बच्चों के पेट में दर्द होने की समस्या हो रही है। बच्चों की सूचना के बाद सोमवार को अभिभावक पहुंचे तो देखा कि रोटी, दाल और चावल से दुर्गंध आ रही थी। इस वजह से दो छात्र बीमार हो गए।
मंगलवार सुबह 7.30 बजे जैसे ही खाना लेकर गाड़ी विद्यालय पहुंची, अभिभावकों ने हंगामा शुरू कर दिया। विरोध बढ़ता देख चालक वाहन लेकर चला गया। अभिभावकों ने कहा कि जब स्कूल 8 बजे का है तो समय से पहले खाना उतार कर क्यों चले जाते है। भोजन केराकतपुर लोहता में बनता है फिर वहां से जिले भर के विद्यालयों में बंद वैन से खाना भिजवाया जाता है।
आशापुर, पांडेयपुर में 2 घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। इसके तहत आजमगढ़ रोड, पांडेपुर से रिंग रोड तक सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे खंभों/लाइनों को बुधवार को हटाया जाएगा। इसके लिए आशापुर और लालपुर फीडर से सुबह 9 से 11 बजे तक शटडाउन लिया गया है। इस कारण आशापुर, पांडेयपुर, रुस्तमपुर, पैगंबरपुर, नटूई,सिंचाई विभाग कॉलोनी, चंद्रा चौराहा, काली माता मंदिर सहित आसपास के इलाकों में दो घंटे आपूर्ति बाधित रहेगी।
पंच सम्मेलन में आज आएंगे उप मुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दो दिवसीय काशी दौरे पर बुधवार शाम 6:20 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर आएंगे। सर्किट हाउस में अधिकारियों और भाजपा नेताओं के साथ बैठक करने के बाद रात्रि विश्राम करेंगे। बृहस्पतिवार को कालभैरव मंदिर और बनकटी हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे। सुबह 10 बजे रुद्राक्ष में बीबी जीरामजी पर पंच सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में बैठक करेंगे।
लंका रविदास गेट के सामने एक शोरूम का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 4:10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से रवाना हो जाएंगे। वहीं, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश पासवान बुधवार सुबह 11:50 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर आएंगे। शहर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन के अलावा रात्रि विश्राम करेंगे। बृहस्पतिवार को रुद्राक्ष में बीबी जीरामजी सम्मेलन में भाग लेने के बाद शाम 5:30 बजे सड़क मार्ग से गोरखपुर चले जाएंगे।
संत रविदास एक्सप्रेस का पीएम करेंगे शुभारंभ
वाराणसी को लखनऊ के रास्ते अमृतसर के छेहर्टा से जोड़ने के लिए 17 जुलाई से नई ट्रेन संत रविदास एक्सप्रेस शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर से वर्चुअल माध्यम से इस ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, यह एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी और ठहराव जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर तथा लुधियाना समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा। ट्रेन नंबर 14623 वाराणसी से हर बृहस्पतिवार, शनिवार और सोमवार को शाम 7:05 बजे रवाना होकर रात 12:10 बजे लखनऊ होते हुए अगले दिन शाम 5:10 बजे छेहर्टा पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 14624 छेहर्टा से हर बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2:05 बजे चलेगी।
कल शाम नहीं होगी जलापूर्ति
बनारस क्लब स्थित जलाशय और सीडब्ल्यूआर के सफाई का कार्य जलकल विभाग की ओर से कराया जाएगा। इसके लिए 16 जुलाई की शाम को होने वाली जलापूर्ति बाधित रहेगी। जलकल के महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने-अपने घरों में पानी का भंडारण कर लें ताकि 16 की शाम जलापूर्ति बाधित होने से दिक्कत न आने पाए।
प्रो. आरपी मौर्य को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के अध्यक्ष प्रो. आरपी मौर्य को सामुदायिक नेत्र संगठन के अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। 12 जुलाई को मेरठ के लाला लाजपत रॉय मेडिकल कॉलेज में आयोजित अखिल भारतीय सामुदायिक नेत्र विज्ञान संगठन (उत्तर प्रदेश चैप्टर) के आठवें वार्षिक सम्मेलन के दौरान प्रो. मौर्य ने निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. आरसी गुप्ता से कार्यभार ग्रहण किया। उनका कार्यकाल दो साल का होगा।
सहायता समूह की महिलाएं बनेंगी एआई सखी
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल तकनीकी का प्रशिक्षण देकर उन्हें एआई सखी और डिजिटल दीदी बनाया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को विकासखंड आराजी लाइन के प्रशिक्षण हॉल में प्रारंभ हुआ। खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र यादव ने कहा कि महिलाएं अब डिजिटल तकनीकी की जानकार बनेंगी। वह भी एआई का प्रयोग करना सीख लेंगी। आठ स्वयं सहायता समूह की 65 महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए पहुंची थीं। ब्लॉक मिशन प्रबंधक समर बहादुर भी मौजूद रहे।
स्ट्रीट वेंडरों के साथ न्याय हो : चिंतामणि
लंका गुमटी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष चिंतामणि सेठ ने कहा कि स्ट्रीट वेंडरों के साथ न्याय हो। उन्होंने मांग की कि सभी पंजीकृत स्ट्रीट वेंडरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन किया जाए। नगर निगम और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जब तक न्यायिक प्रक्रिया पूरी न हो, तब तक किसी भी वैध वेंडर के उत्पीड़न और बेदखली पर रोक लगाई जाए। नगर निगम टाउन वेंडिंग कमेटी को सक्रिय कर कानून के अनुरूप वेंडिंग जोन की व्यवस्था लागू करें।
कैंट स्टेशन पर पानी का लिया सैंपल
कैंट स्टेशन के प्लेटफार्मों पर मंगलवार को रेलवे की टीम ने पानी का सैंपल लेकर उसको जांच के लिए भेजा। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत पंसारे, प्रदीप कुमार,अमित कुमार और प्रभात कुमार की टीम ने जीवाणु परीक्षण के लिए यात्री आश्रम, नई बिल्डिंग,प्लेटफार्म नंबर 1 से 11 तक बने वाटर बूथ से सैंपल लेकर उसको प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा।
छह महीने में स्वीकृत किए 83 लेआउट
वीडीए की ओर से व्यवस्थित शहरी विकास को गति प्रदान करते हुए छह महीने में 83 लेआउट स्वीकृत किए गए हैं। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के अनुसार सात दिन में लेआउट/मानचित्र की स्वीकृति प्रदान की जा रही है। वीडीए की ओर से स्वीकृत लेआउट में प्लॉट क्रय करने वाले भू-स्वामियों को भवन मानचित्र स्वीकृति के दौरान विकास शुल्क देय नहीं होता है। इससे नियमानुसार विकसित लेआउट में निवेश को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
चांदपुर से कपसेठी तक सड़क बनाने की मांग
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश सचिव श्याम किशोर सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात की। उन्हें ज्ञापन सौंप चांदपुर से कपसेठी के बीच में सड़क निर्माण को पूरा कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही दूसरा टेंडर जारी किया जाएगा और सड़क निर्माण पूरा कराया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में अविनाश सिंह अन्नू, राजन मिश्रा, प्रशांत सिंह बड़े, आशुतोष यादव आदि शामिल रहे।
व्यापारियों ने वीडीए उपाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
मैरिज लॉन व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा से मुलाकात की। उन्हें मुख्यमंत्री को संबोधित दो सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। कहा कि कानून की आड़ में लॉन व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। मंडल के उपाध्यक्ष मृत्युंजय सोनकर ने स्कूल और नर्सिंग होम संचालक की तर्ज पर केवल कवर्ड एरिया का शुल्क लेने की बात कही। बबलू मिश्रा, अजित सिंह बग्गा, शिव प्रकाश, सदानंद पटेल, राजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
हर बूथ पर गठित करें 11 सदस्यीय महिला समिति : सरोज कुशवाहा
उत्तर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि हर बूथ पर 11 सदस्यीय महिला समिति गठित की जाए। अपने प्रथम काशी आगमन पर उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। मंगलवार को रोहनिया के क्षेत्रीय कार्यालय पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। यहां क्षेत्र कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने 16 जिलों की महिला मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आगामी कार्यक्रमों और संगठन विस्तार पर चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष ने क्षेत्र कार्यालय पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आम व अमरूद के पौधे लगाए। नवनियुक्त अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत महिला कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर पर महिलाओं का मजबूत संगठन तैयार होगा, तभी वे नेतृत्व की जिम्मेदारियां संभालेंगी। स्वागत काशी क्षेत्र की अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने किया।
संचालन सुनीता सिंह ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष विनिता सिंह, महानगर अध्यक्ष कुसुम पटेल, आकांक्षा सोनकर, कविता यादव, रानिका जायसवाल, अपराजिता सोनकर, बबीता तिवारी, पूजा दीक्षित, पूजा पांडेय, सुनीता सिंह रहीं।
रोपे गए पौधों की जिओ-टैगिंग कराएं
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति, जिला आर्द्रभूमि (वेटलैंड) समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 के वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग रोपे गए पौधों की जिओ-टैगिंग कराएं। जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान गंगा और उसकी सहायक नदियों की बहाली के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण नई दिल्ली के आदेशों के अनुपालन में चर्चा की गई।
जिला पर्यावरण समिति की बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट प्रबंधन, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट, ई-वेस्ट प्रबंधन, वायु गुणवत्ता सुधार, स्रोत पर अपशिष्ट पृथक्करण, पोर्टल पर सूचनाओं के समयबद्ध अद्यतन तथा पर्यावरणीय नियमों के प्रभावी अनुपालन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पर्यावरण संरक्षण से संबंधित शासनादेश व नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
संभव की जनसुनवाई में सफाई, अतिक्रमण खराब सड़क सहित आईं 21 शिकायतें
नगर निगम में मंगलवार को संभव की जनसुनवाई में साफ-सफाई, अतिक्रमण, खराब सड़क समेत कुल 21 शिकायतें आई। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं को निस्तारण का भरोसा दिया। जनसुनवाई में कैलाशपुरी के राजेंद्र ने अतिक्रमण, खोजवा के तरुण कुमार ने साफ-सफाई, गोविंदपुरी के योगेश चंद्र दीक्षित ने टैक्स, सारनाथ के धीरज तिवारी ने नापी, लेढुपुर के अशोक यादव ने जर्जर सड़क, कोल्हुआ के अशोक ने नंबर प्लेटों, महादेव नगर कॉलोनी में शकुंतला ने सड़क पर अतिक्रमण के बारे में बताया।
सीर गोवर्धनपुर के डॉ संजीव कुमार ने सड़क निर्माण, सिगरा के गरिमा देवी ने आवास, अमर नगर कॉलोनी अजय कुमार ने खतौनी, शिवपुर के विशाल गुप्ता ने नौकरी दिलाने, भेलूपुर के बालाजी ने भुगतान, परमानंदपुर के बृजेश कुमार ने सड़क निर्माण, लहरतारा की अनारा देवी ने सीवर लाइन की शिकायत की। सिगरा के पीयूष मिश्रा ने गली निर्माण, सिगरा के अजीत सिंह ने टैक्स, बुद्ध विहार के प्रवीण सिंह ने सीवर लाइन से जुड़ा शिकायती पत्र दिया।
आज से नाै देवियों और 10 महाविद्याओं की पूजा
आषाढ़ मास का गुप्त नवरात्र बुधवार से शुरू हो रहा है। इसमें नौ देवियों और 10 महाविद्याओं की देवियों की आराधना होगी। श्रद्धालु कलश स्थापना के साथ घरों में पूजन-अर्चन करेंगे। वहीं, साधक तांत्रिक साधना करेंगे। 23 जुलाई को नवरात्र की पूर्णाहुति होगी।
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व अध्यक्ष ज्योतिषविद प्रो. नागेंद्र पांडेय ने बताया कि इस बार नवरात्र के प्रथम दिन प्रतिपदा तिथि पर पुष्य नक्षत्र का संयोग बन रहा है। गुप्त नवरात्र आषाढ़ शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 14 जुलाई मंगलवार को अपराह्न 3:14 बजे से 15 जुलाई को दिन में दिन में 11:52 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार 15 को प्रतिपदा तिथि रहेगी। प्रतिपदा तिथि के दिन अभिजीत मुहूर्त में ही कलश स्थापना करना मंगलकारी रहेगा।
साल में चार नवरात्र, दो गुप्त : साल में कुल चार बार नवरात्र आते हैं। इनमें से दो प्रकट नवरात्र चैत्र और शारदीय है, जिसे लोग धूमधाम से मनाते हैं। बाकी दो गुप्त नवरात्र होते हैं जो आषाढ़ (मानसून की शुरुआत में) और माघ (सर्दियों के अंत में) के माह में आते हैं।
धर्म सागर और भाव सागर काशी में करेंगे चातुर्मास
जैन संत धर्म सागर और भाव सागर महाराज काशी में चातुर्मास करेंगे। उन्होंने मंगलवार को इसकी स्वीकृति दे दी है। उनकी इस स्वीकृति से काशी के जैन समाज में हर्ष है। संत इस बार काशी में 108 दिन का चातुर्मास करेंगे। मुनि धर्म सागर महाराज और मुनि भाव सागर महाराज का 12 जुलाई को श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र भेलूपुर में मंगल प्रवेश हुआ। यह स्थल भगवान पार्श्वनाथ की गर्भ, जन्म और तप कल्याणक भूमि है।
50 साल में पहली बार मुनि धर्म सागर और भाव सागर महाराज ने यहां स्थित मंदिरों में वंदना की। दिगंबर जैन समाज काशी की ओर से श्रीफल अर्पण, पाद प्रक्षालन और आरती हुई। मुनि धर्म सागर ने कहा कि काशी भगवान पार्श्वनाथ की जन्मस्थली है। इसे विश्व प्रसिद्ध बनाना जैन समाज और हमारा पुनीत कर्तव्य है। समाज के अध्यक्ष आरसी जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश जैन और उपाध्यक्ष संजय जैन माैजूद रहे।
शिक्षा नीति में हो रहे प्रयोग चिंता का विषय : संदीप
समान शिक्षा के अधिकार की मांग के लिए मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित संदीप पांडेय की अगुवाई में तीन दिवसीय पदयात्रा दूसरे दिन मंगलवार को जनकवि धूमिल के गांव खेवली से लोकबंधु राजनारायण के गांव गंजारी पहुंची। यहां किसानों और ग्रामीणों और महिलाओं ने यात्रा का स्वागत किया।
संदीप पांडेय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में हो रहे अव्यावहारिक प्रयोगों पर चिंता जताई। उन्होंने अगामी यूपी के चुनाव में सभी पार्टियों को उनके एजेंडे में समान शिक्षा को शामिल करने के लिए जोर दिया जाएगा। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने बताया कि उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक शिक्षा को योजनाबद्ध ढंग से कमजोर किया जा रहा है। वीरेंद्र यादव, किसान संघर्ष समिति के अजीत वर्मा ने विचार रखे।
राजातालाब तहसील के लेखपाल आज देंगे धरना
तहसील राजातालाब के लेखपालों ने अपने साथी को तत्काल बहाल करने की मांग की है। इसे लेकर मंगलवार को लेखपाल संघ के अध्यक्ष राजेश मौर्या, मंत्री सोनेलाल पटेल ने उप जिलाधिकारी को पत्र लिखा। पत्र के माध्यम से उन्होंने बुधवार से सभी कार्य बंद करने और धरना करने की बात कही। राजातालाब इकाई के लेखपाल संघ के अध्यक्ष राजेश मौर्य ने कहा कि उनके एक साथी अनिल पाल को अकारण निलंबित कर दिया गया। निलंबन वापस नहीं लिया जाता तो बुधवार से लेखपाल सारे कार्य बंद कर देंगे और तहसील परिसर में धरना देंगे।
जीरो डोज वाले बच्चों को चिह्नित करें
वाराणसी जिले में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को टीकाकरण से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा की गई। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने जीरो डोज (एक भी टीका न लगवाने वाले बच्चे) वाले बच्चों को अभियान चलाकर टीका लगवाने का आह्वान स्वास्थ्यकर्मियों से किया है। सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ ने कहा कि जीरो डोजर बच्चों की पहचान कर उन्हें टीका लगवाना सभी की जिम्मेदारी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया, डॉ. नवीन सिंह, एसीएमओ डॉ. एचसी मौर्या आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में यूनिसेफ के मंडल समन्वयक आलोक कुमार राय, डॉ. महेंद्र सोनी आदि मौजूद रहे।
शहर की दीवारों को गंदा करने वालों पर निगम कसेगा शिकंजा
शहर की खूबसूरती को बिगाड़ने वाले अवैध बैनर और पोस्टर को लेकर नगर निगम गंभीर है। निगम ने शहर में बेतरतीब अवैध पोस्टर, बैनर और वॉल पेंटिंग कर प्रचार-प्रसार करने वाली संस्थाओं और लोगों पर शिकंजा कसने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर की दीवारों को गंदा करने और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध होर्डिंग्स व पोस्टरों लगाने वालों के खिलाफ जल्द ही एक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पूरे शहर से अवैध प्रचार सामग्रियों को हटाया जाएगा। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाली चिह्नित संस्थाओं व लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
सेवापुरी में निकाली स्कूल चलो रैली
सेवापुरी ब्लॉक के पीएम श्री विद्यालय ठठरा से ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान के तहत मंगलवार को जन-जागरूकता रैली निकाली गई। इसके माध्यम से शिक्षकों ने बच्चों के अभिभावकों को नामांकन की प्रक्रिया के बारे में बताया। रैली को खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान सुनील कुमार बिंद और खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पिछले साल की तुलना में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले छह विद्यालयों और इस साल सर्वाधिक नामांकन करने वाले तीन विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया।
इनमें उच्च प्राथमिक विद्यालय ठठरा ने 195 छात्र-छात्राओं का नामांकन करवाकर पहला स्थान पाया। कंपोजिट विद्यालय करधना ने 139 का नामांकन करा दूसरे और पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय ठठरा 119 छात्र-छात्राओं का नामांकन करा तीसरे स्थान पर रहे। खंड शिक्षा अधिकारी सेवापुरी संजय कुमार यादव ने कहा कि विद्यालयों में अच्छा वातावरण होना चाहिए।राजेंद्र सिंह, संतोष कुमार सिंह, काशीनाथ, विनोद रहे।
रेलवे मजदूर यूनियन ने महामंत्री का किया स्वागत
एनई रेलवे मजदूर यूनियन के महामंत्री और एआईआरएफ के सहायक महामंत्री बसंत लाल चतुर्वेदी के काशी आगमन पर स्थानीय पदाधिकारियों ने स्वागत किया। लहरतारा मंडल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महामंत्री ने रेल कर्मियों की वेतन विसंगति सहित अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का हर हाल में अधिकारियों के स्तर से बातचीत कर समाधान कराया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनबी सिंह, संचालन राणा राकेश रंजन कुमार ने किया।
खाद संकट के खिलाफ अपना दल कमेरावादी ने किया प्रदर्शन
अपना दल कमेरावादी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत मंगलवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय कर्मवीर सिंह को सौंपा। ज्ञापन के जरिये किसानों को कृषि कार्य के लिए समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उर्वरक उपलब्ध कराने और पेट्रोल में किए जा रहे इथेनॉल मिलावट पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
जिले की विभिन्न विधानसभाओं से जिला मुख्यालय कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर जुटे कार्यकर्ताओं ने किसानों को खाद उपलब्ध कराओ, प्रदेश में खाद संकट क्यों, भाजपा सरकार जवाब दो इथेनॉल मिलावट की दुश्वारियों का जिम्मेदार कौन जैसे नारे लगाए। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजय पटेल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार धान की रोपाई के समय किसानों को खाद उर्वरक उपलब्ध नहीं कर पा रही है। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल में इथेनॉल की मिलावट से वाहन खराब हो रहे हैं। संचालन जिला महासचिव संजय कुमार आर्य ने किया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, राजेश पटेल माैजूद रहे।
श्याम झूलनोत्सव में आएंगे 11 राज्यों के श्रद्धालु
55वां श्री श्याम झूलनोत्सव 15 और 16 अगस्त को महमूरगंज स्थित शुभम लॉन में होगा। इसमें 11 राज्यों से 20 श्याम मंडलों के 100 से ज्यादा श्रद्धालु उपस्थिति दर्ज कराएंगे। मंगलवार को लक्सा स्थित श्याम मंदिर में श्याम मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय अग्रवाल व श्याम मंडल वाराणसी के अध्यक्ष दीपक तोदी, मंत्री पवन अग्रवाल ने श्याम झूलनोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की। बताया कि महोत्सव का आगाज 15 अगस्त को भजनों की रसधार के साथ होगा जो 16 अगस्त रात 10 बजे तक चलेगा।
कोलकाता से सौरभ शर्मा, विवेक शर्मा, लवकुश अग्रवाल और विकास रुइया जैसे भजन गायक प्रस्तुति देंगे। कटिहार से आदर्श दाधीच, जयपुर से सागर शर्मा और दिल्ली से बंटू आदि कलाकार भी शामिल होंगे। बाबा का अद्भुत शृंगार कोलकाता से आए 40 कारीगर करेंगे। कार्यक्रम संयोजक पंकज तोदी, श्याम सुंदर, अजय खेमका, सुरेश तुलस्यान, चंदन तोदी ने बताया कि बाबा का इस अद्भुत महोत्सव में महिला शक्ति की सहभागिता रहेगी।
श्री राम दरबार प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षगांठ कल
श्री राम दरबार सेवा ट्रस्ट की ओर से 16 जुलाई को श्रीराम दरबार प्राण-प्रतिष्ठा का वर्षगांठ समारोह आयोजित किया गया है। यह समारोह बंजारा बाबा मंदिर गोकुलधाम कॉलोनी (सलारपुर, सारनाथ) में होगा। सुबह से शाम तक विविध अनुष्ठान होंगे। वैदिक ब्राह्मण वैदिक विधि से पूजन-अर्चन कराएंगे। हवन-पूजन के बाद भंडारा होगा। अनुष्ठान में विशिष्टजन व श्रद्धालु शामिल होंगे।
गंगा पार लगाए गए हरिशंकरी के पौधे
वन विभाग और जिला गंगा समिति ने मंगलवार को पड़ाव स्थित गंगेश्वर घाट पर पौधरोपण किया। 137 सीईटीएफ, 39 बटालियन जीआर गंगा टास्क फोर्स के कर्नल प्रवीण शर्मा, जिला परियोजना अधिकारी दर्शन निषाद आदि ने गंगा किनारे के पूर्वी छोर पर हरिशंकरी के पौधे लगाए। इस दौरान नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि को पर्यावरण रत्न सम्मान दिया गया। पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जायसवाल ने गंगा प्रहरियों को सम्मानित किया। पौधरोपण में सूबेदार देवेंद्र बसनेट, रेंजर राम नारायण, मेराज अहमद सिद्दीकी, नमामि गंगे गंगा विचार मंच की टीम के जय विश्वकर्मा, किरण पांडेय, अनुराग सोनकर आदि रहे।
छात्र जानेंगे ब्रह्मानंद की वैदिक साधना पद्धति
बीएचयू के छात्र-छात्राओं को स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती के तप, त्याग, वैदिक साधना, आध्यात्मिक दृष्टि और भारतीय ज्ञान-परंपरा बताई जाएगी। बुधवार को वैदिक विज्ञान केंद्र में उनके विशिष्ट योगदान को पूरे समाज और नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। स्वामी ब्रह्मानंद के तपोमय जीवनचरित ग्रंथ का लोकार्पण और परिचर्चा भी की जाएगी। वृंदावन के परमहंस आश्रम ब्रह्मानंद सेवा ट्रस्ट (लुक्सा जोहड़ावाले) और काशी की नवभारत निर्माण समिति की ओर से 15 जुलाई को शाम चार बजे से शाम सात बजे तक ये कार्यक्रम कराया जाएगा।
शब्बेदारी में आज अंजुमनें करेंगी मातम
अर्दली बाजार के उल्फत बीबी हाता स्थित अली अब्बास टीटी के अजाखाने में बुधवार को रात नौ बजे से शब्बेदारी की जाएगी। 44 साल से हो रही शब्बेदारी में सोजखानी कासिम अली जानी करेंगे। मजलिस को मौलाना सैयद सैफ आब्दी जौनपुरी खिताब करेंगे। मजलिस के बाद दुलदुल, ताबूत और अलम का जुलूस निकाला जाएगा। पेशखानी ऋषि बनारसी, नबील हैदर और जैन बनारसी करेंगे। अंजुमनें सीनाजनी और नौहाख्वानी करेंगे।
कांग्रेस ने शुरू किया हनुमान चालीसा का पाठ
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा प्रकरण में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग के लिए कांग्रेस ने प्रथम चरण में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। मंगलवार को महावीर मंदिर अर्दली बाजार में आयोजित हनुमान चालीसा कार्यक्रम का संयोजन समिति के महासचिव संतोष चौरसिया, महानगर उपाध्यक्ष मयंक चौबे, उत्तरी विधानसभा संयोजक सतनाम सिंह ने किया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बाबा पुकार राय की प्रतिमा का हुआ अनावरण
दानगंज क्षेत्र में मंगलवार को बाबा पुकार राय की प्रतिमा का अनावरण हुआ। पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने विधि-विधान के साथ प्रतिमा का अनावरण किया। रघुवंशी समाज के लोग मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति से सभी को विभोर किया। समापन पर प्रसाद वितरण से हुआ। इस दौरान सुरेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, डॉ. अभिमन्यु सिंह और चंद्रशेखर सिंह आदि रहे।
नवप्रवेशी बच्चों को दी गई स्टेशनरी किट
चोलापुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बेला में बीईओ और प्रधानाध्यापक ने नवप्रवेशी 34 बच्चों को ड्रॉइंग पेन, पेन केस, कलरिंग सामग्री, स्कूल बैग, बुक सेट, छाता वं रेनकोट वितरित किया। बीईओ नागेंद्र सरोज ने कहा कि नवप्रवेशी बच्चों के सम्मान से उनका प्रोत्साहन बढ़ता है। विद्यालय से जुड़ने के लिए वह लालायित होते हैं। स्टेशनरी किट पाकर बच्चे काफी खुश हुए।
बाबा कालभैरव की 72 साल पुरानी स्वर्ण-रजत प्रतिमा के भक्त कल करेंगे दर्शन
बाबा कालभैरव की 72 वर्ष पुरानी स्वर्ण-रजत प्रतिमा की शोभायात्रा बृहस्पतिवार को निकाली जाएगी। चौखंभा स्थित काठ की हवेली से निकलने वाली यात्रा में देवों के स्वरूप होंगे। पहली बार मां वैष्णो की झांकी भी बाबा की अगुवाई में निकलेगी।
स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम सेठ बच्चा ने मंगलवार को पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकारों को बताया कि साल में एक दिन ही बाबा कालभैरव की स्वर्ण-रजत प्रतिमा के दर्शन होते हैं। बाबा नगर भ्रमण कर दर्शन देते हैं।
बृहस्पतिवार को शोभायात्रा काठ की हवेली से सुबह सात बजे से निकलेगी। फूलों से सजे रथ पर बाबा कालभैरव की स्वर्ण रजत प्रतिमा विराजमान रहेगी। संस्थापक किशुन सेठ और भीखू सिंह की तस्वीरें फूलों से सजी रहेंगी। शोभायात्रा में मां वैष्णो देवी की झांकी, घोड़े पर सवार भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान भी शामिल होंगे। शंकर-पार्वती, राधा-कृष्ण, मां काली की झांकियां भी रहेंगी।
नीरज सेठ के नेतृत्व में कलाकार भजन करते हुए चलेंगे। गोविंदेश्वर महादेव, माता वैष्णो देवी और हनुमान जी की झांकियां यात्रा के केंद्र बिंदु में होंगी। शोभायात्रा के कुशल संचालन के लिए जनार्दन वर्मा प्रधान के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई है। नागरिक सुरक्षा कोतवाली प्रखंड के पोस्ट वार्डेन धर्मेंद्र गौतम और दस सदस्य भी सहयोग करेंगे। शोभायात्रा 15 मोहल्लों से होकर गुजरेगी।
धानुका सिल्क के आठवें शोरूम का बाॅलीवुडअभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कल करेंगी उद्घाटन
धानुका सिल्क का नया विशेष शोरूम अर्दली बाजार में 16 जुलाई (बृहस्पतिवार) को खुलेगा। इसका उद्घाटन बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी करेंगी। यह बनारस में धानुका सिल्क का आठवां शोरूम होगा। शोरूम लगभग पांच हजार वर्ग फीट में दो मंजिला बना है। इसमें महिलाओं के लिए एक लाख से ज्यादा बनारसी साड़ियों का संग्रह होगा। डिजाइनर साड़ियां, लहंगे, गाउन, सूट और बनारसी दुपट्टे भी उपलब्ध होंगे।
अधिष्ठाता गौरी शंकर धानुका ने बताया कि यह पूरे पूर्वांचल का पहला शोरूम होगा। शोरूम में एक विशेष शिल्पा शेट्टी काउंटर भी बनाया गया है। इस काउंटर पर शिल्पा के पसंदीदा संग्रह कम कीमत पर ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि धानुका सिल्क का उद्देश्य काशी के पारंपरिक परिधानों को आधुनिक कलेवर में ग्राहकों के सामने प्रस्तुत करना है।
घाटों के जीवन-मुक्ति की थीम पर दिखीं 16 पेंटिंग्स
बीएचयू के भारत कला भवन में मंगलवार को बनारस के घाटों पर जीवन, मृत्यु और मुक्ति की थीम पर तीन दिन की सोलो प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने किया। भारत कला भवन के निदेशक प्रो. श्रीरूप रायचौधरी भी मौजूद रहे। कलाकार सुभाष चंद्र के इस शो को विजुअल आर्ट्स फैकल्टी के डॉ. सुरेश चंद्र जांगिड़ ने क्यूरेट किया। कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने कलाकार के काम और उसके पीछे की सोच की गहराई की तारीफ की।
प्रदर्शनी में शामिल चित्र घाट, लाइफ बियॉन्ड लाइफ, शिव और नंदी, मोक्ष, पिंडदान, गंगा को बनारस के नक्शे से बहते हुए और मोक्ष दिलाने वाली के रूप में दिखाया गया। श्मशान सहित 16 मुख्य कलाकृतियों में काशी के घाटों की भौतिक और आध्यात्मिक यात्रा की बात करते हुए इसे दोनों ही रूपों में देखने और महसूस करने का मौका दिया। इस मौके पर प्रो. विजय सिंह, डीन प्रो. उत्तमा दीक्षित आदि मौजूद रहीं।
आसमान से बूंदें टपकीं नयन से टपका नीर...
सुबह-ए-बनारस आनंद कानन के साहित्यिक प्रकल्प काव्यार्चन की 68वीं कड़ी का आयोजन अस्सी घाट पर हुआ। इसमें पं. गिरीश पांडेय की अध्यक्षता में शालिनी जायसवाल ने काव्य किया। सुनाया, बचपन के अनगिनत, किस्सों में शुमार चवन्नी, बड़े प्रेम से दिए जाते थे, एक पिता द्वारा...।’ कवि नवलकिशोर गुप्त ने सुनाया, जो साथ तेरे वह तेरा है, बाकी सब मोह का फेरा है...। उन्होंने सावन पर आधारित रचना सुनाई, अबकी सावन ऐसा बरसा, दिल में जागी पीर, आसमान से बूंदें टपकी, नयन से टपका नीर...। डॉ. रत्नेश वर्मा के संयोजन में हुए काव्यार्चन में प्रियंका अग्निहोत्री, डाॅ. नागेश शांडिल्य, पं. गिरीश पांडेय ने अपनी रचनाएं सुनाईं। स्वागत अनु मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन रुद्रनाथ त्रिपाठी ने किया। डॉ. जयप्रकाश, डॉ. ओमप्रकाश, पं. सूर्यकांत, पं. प्रियानाथ आदि माैजूद रहे।
चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस के विस्तार की मांग
चंडीगढ़ से लखनऊ के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन 12232 के यात्रियों को जल्द ही एक सौगात मिल सकती है। उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए इस ट्रेन को वाराणसी तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो चंडीगढ़ और अंबाला से वाराणसी का सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिल जाएगी।वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल यशनजीत सिंह ने बताया कि ट्रेन के विस्तार का फैसला रेलवे बोर्ड के आगामी आदेश पर निर्भर है।
छात्रावास में आवेदन के लिए छह दिन का मौका
काशी विद्यापीठ मुख्य परिसर के विद्यार्थी सत्र 2026-27 के लिए छात्रावास में आवंटन के लिए 20 जुलाई तक ऑफलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र को विवि की वेबसाइट से डाउनलोड कर संबंधित छात्रावास के कार्यालय में जमा करना होगा। विवि के मुख्य गृहपति डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेशानुसार स्नातक स्तर के द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ, पंचम वर्ष और स्नातकोत्तर स्तर के द्वितीय वर्ष और पीएचडी के छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन की तिथि 15 से बढ़ाकर 20 जुलाई तक कर दी गई है।
बीएचयू में निशुल्क कार्य पुस्तिकाओं का वितरण
बीएचयू के सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल परिसर (सीएचजीएस) में प्राथमिक कक्षाओं के लिए अंग्रेजी, हिंदी, गणित और पर्यावरण विज्ञान की निशुल्क कार्य पुस्तिकाएं बांटी गईं। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद की ओर से अनुमोदित स्कूलों में कक्षा एक से लेकर पांचवीं तक के छात्र और छात्राओं को कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने पुस्तिका दी। शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने सम्मानित किया। स्कूल बोर्ड की उपाध्यक्ष प्रो. नंदिता घोषाल और कुलसचिव राजन श्रीवास्तव की भी उपस्थिति रही।
गोपी राधा कॉलेज में छात्राओं के लिए बस सेवा शुरू
रवींद्रपुरी स्थित गोपी राधा प्राइमरी स्कूल और गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्राओं के लिए परिवहन सेवा की शुरुआत की गई है। दुर्गाकुंड के पार्षद अक्षयवर सिंह ने मंगलवार को नारियल फोड़ने के बाद बस को रवाना किया। पार्षद अक्षयवर सिंह ने कहा कि नई बस में जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरे और फर्स्टएड बॉक्स, फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं। प्रबंधक डॉ. मनोज, डॉ. शालिनी, स्मृति रहीं।
बीए में दूसरे दिन 196 ने लिया दाखिला
काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 के लिए बीए की काउंसिलिंग के दूसरे दिन मंगलवार को 196 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। प्रवेश सेल के उप-समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि सभी विद्यार्थियों का परिचय पत्र एवं लाइब्रेरी कार्ड जारी किया गया। इस दौरान कुलपति प्रो. एके त्यागी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जल्द पूरी कराएं दीक्षांत की तैयारी
कुलपति प्रो. एके त्यागी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 28 जुलाई को होने वाले 48वें दीक्षांत की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान कुलपति ने समारोह के लिए गठित समितियों की प्रगति एवं कार्य योजना पर चर्चा करते हुए सभी को समय से सभी तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने जल्द से जल्द कार्यक्रम की तैयारी कराने के निर्देश दिए।
392 अभ्यर्थियों को मिला ऑफर लेटर
विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय आईटीआई और सेवायोजन विभाग की ओर से करौंदी स्थित स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में लगे रोजगार मेले में 392 लोगों को ऑफर लेटर मिला। रोजगार मेले में कुल 20 कंपनियों ने सहभागिता की। इनके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। मेले में 783 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
इस दाैरान मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवा भारत को आत्मनिर्भर बनाने और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। मेले में करौंदी आईटीआई के प्रधानाचार्य एमके सिंह, उप प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार पांडेय, अभिषेक सिंह, जय कृष्ण श्रीवास्तव मौजूद रहे।
संस्कृत विवि में दीक्षांत महोत्सव प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कृत
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत महोत्सव के तहत हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंगलवार को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा विवि के मुख्य भवन में लोकनृत्य प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने मनोहारी प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। कुलपति ने विजेताओं को स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया।
दीक्षांत महोत्सव के तहत विवि की ओर से अलग-अलग प्रतियोगिताएं कराई गईं। इसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
दीक्षांत महोत्सव केवल उपाधि वितरण का आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का उत्सव है। कुलसचिव राकेश कुमार ने कहा कि भारतीय लोक-नृत्य हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के जीवंत प्रतीक हैं। कार्यक्रम समन्वयक प्रो. विद्या कुमारी चंद्रा ने कहा कि 44वें दीक्षांत महोत्सव के अंतर्गत शैक्षणिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक, कलात्मक और खेलकूद प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास करना है।