व्हाट्सएप और फेसबुक पर नंबर देकर भूखों की मांग रहे जानकारी
लॉकडाउन के दौरान शहर के अन्य सामाजिक संगठनों की तरह रोजाना सिंधी समाज के लोग भी जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट दे रहे हैं। इसके साथ ही सिंधी समाज के पूर्व पार्षद शंकर विशनानी सहित अन्य लोग व्हाट्सएप और फेसबुक पर अपना नंबर शेयर कर अपील कर रहे हैं कि कोई भूखा हो तो हमें बताएं, हम उसे तत्काल खाना पहुंचाएंगे।
इसी तरह से अमन कबीर और ऋषि राज पांडेय जैसे युवा सामाजिक कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर जरूरतमंदों को अस्पताल पहुंचाने से लेकर उनकी हर तरह की मदद करते हैं। इसके साथ ही अपना मोबाइल नंबर भी जरूरतमंदों को देने के लिए सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।
जरूरी निर्देश बताने में होती है आसानी, निगरानी में भी सहूलियत
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से लॉकडाउन की इस अवधि में आमजन को जरूरी बातें या सरकार के निर्देशों के बारे में बताने में आसानी होती है। इसके लिए पुलिस ट्वीटर, व्हाट्सएप और फेसबुक तीनों का सहारा लेती है। हम लोगों को संदेश रहते हैं कि क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।
यदि कोई अफवाह फैलती है तो उसका खंडन करने में भी सोशल मीडिया से अच्छी मदद मिलती है। इसके अलावा थाना स्तर के डिजिटल वालंटियर्स की मदद से आसानी से आमजन की गतिविधियों की निगरानी भी पुलिस करती है। जिला पुलिस का जो गोपनीय व्हाट्सएप नंबर 7897532425 है, उस पर आने वाली सूचनाओं की पुष्टि करा कर गलत काम करने वालों की धरपकड़ भी की जाती है। एसएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया हर तरह से लाभकारी है, बस इसका इस्तेमाल सिर्फ रचनात्मक काम के लिए ही हो।
मुसीबत में फंसे हों तो मांगे पुलिस से मदद
यदि आप कहीं मुसीबत में फंसे हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है। 112 नंबर पर कॉल करके या फिर ट्वीटर और फेसबुक पर वाराणसी पुलिस से संपर्क कर मदद मांगी जा सकती है।