बीएचयू के डालमिया हॉस्टल में खाने में मिली छिपकली। स्वयं
वाराणसी। बीएचयू के विज्ञान संस्थान स्थित डालमिया हॉस्टल में मेस के खाने में मरी छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। इस पर छात्रों ने मेस संचालक का विरोध शुरू कर दिया। करीब 25-30 छात्र तब तक भोजन कर चुके थे। इस बीच कुछ छात्रों को उल्टियां होने की शिकायत पर छात्र विरोध करने लगे।
तबीयत बिगड़ने की आशंका के चलते वार्डेन प्रो. राघव मिश्रा ने एंबुलेंस बुलाकर छह छात्रों को सर सुंदरलाल अस्पताल भेजवाया, जहां उन्हें दवा देकर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। वहीं छात्रों की मांग पर डालमिया हॉस्टल के मेस और कैंटीन को फिलहाल बंद करवा दिया गया। देखते ही देखते प्रॉक्टोरियल बोर्ड की कई गाड़ियां हॉस्टल के बाहर पहुंच गईं।
आरोप- एक ही तेल में बनता है वेज और नॉन वेज
वार्डेन को ज्ञापन देकर विरोध जताते हुए छात्रों ने कहा कि मेस संचालक कैंटीन भी चला रहा है, जिससे खाने की गुणवत्ता बिल्कुल भी ठीक नहीं है। वेज और नॉन वेज एक ही तेल में बनाया जाता है। बर्तन भी अच्छे से साफ नहीं होते हैं। छात्रावास में टॉयलेट समय पर साफ नहीं होते। छात्रों ने पीने के पानी की भी कई समस्याएं गिनाईं। वार्डेन ने छात्रों से कहा कि वाटर कूलर की समस्या नहीं है लेकिन नीचे रखे एक वाटर कूलर को किसी छात्र ने लात मारकर तोड़ दिया था, जिसके बाद उसे मेस के अंदर रखवा दिया गया। साथ ही अन्य समस्याओं को भी जल्द दूर कराने का आश्वासन दिया।