वाराणसी। सप्तसागर दवा मंडी में काम करने वाले मड़ौली निवासी दवा कारोबारी के संक्रमित होने के बाद संपर्क में आने वाले लोगों में डर बना हुआ है। ऐसे करीब 50 से अधिक लोगों की सूची तैयार हो गई है, जिनकी स्क्रीनिंग और जरूरत पड़ने पर सैंपलिंग की जाएगी। उधर शनिवार को परिजनों का जो सैंपल लिया गया था, उसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
दवा कारोबारी की दुकान पर न केवल वाराणसी बल्कि आसपास के जिलों से रोजाना 300 से 400 लोगों का आवागमन होता था, जबकि 10 से अधिक कर्मचारी भी काम करते थे। अब जब कारोबारी के संक्रमित होने की खबर मिली है तो काम करने वाले कर्मचारियों और यहां से दवा लेकर जाने वाले दुकानदारों में हड़कंप है। प्रशासन ने कारोबारी के संपर्क में आने वाले सभी लोगों को खुद ही जांच कराने को कहा है। फिलहाल मड़ौली से लेकर दवा मंडी तक संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से जो सूची विभाग को मिली है, उसके आधार पर सभी की जांच कराई जाएगी।
रामनगर में दो लोगों का लिया गया सैंपल
दवा कारोबारी के यहां काम करने वाले रामनगर निवासी दो कर्मचारियों का सैंपल लिया गया। काम करने वाले दोनों कर्मचारियों में सर्दी, खांसी, जुकाम की शिकायत हुई तो शनिवार देर शाम उन्हें दीनदयाल अस्पताल ले जाकर जांच कराई गई। यहां उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
घर में ही रहेंगे दवा कारोबारी के साथ काम करने वाले कर्मचारी
दवा कारोबारी के साथ सप्तसागर दवा मंडी में काम करने वाले कर्मचारी फिलहाल घर में ही क्वारंटीन रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग को इसको लेकर पुलिस की ओर से जो सूची मिली है, उसके अनुसार जल्द ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सभी के घरों पर जाकर थर्मल स्क्रीनिंग भी करेगी और जरूरत पड़ने पर उनके सैंपल भी लेकर जांच के लिए भेज सकती हैं।
कब खुलेगी दवा मंडी, आज होगा फैसला
दवा कारोबारी के संक्रमित मिलने के बाद से शनिवार से तीन दिन के लिए बंद चल रही सप्तसागर दवा मंडी कब खुलेगी। इसका फैसला सोमवार को होगा। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज खन्ना और महामंत्री संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि जिलाधिकारी को एक मांग पत्र दिया गया है, जिसमें सुरक्षा के लिए लिहाज से नए बदलाव की भी जानकारी दी गई है। अब जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।