शंकराचार्य को मोबाइल पर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस आयुक्त से मुलाकात करेंगे स्वामी के अधिवक्ता
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने की धमकी मिली है। मठ के मोबाइल नंबर पर आए कॉल में प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद की तरह ठोक देने की धमकी दी गई है। गालीगलौज और जान से मारने की धमकी के बाद शंकराचार्य ने अधिवक्ताओं से संपर्क साधा है। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर अधिवक्ताओं का समूह पुलिस आयुक्त से बृहस्पतिवार की सुबह मुलाकात करेगा।
मठ के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद देश में गौ रक्षार्थ गोमाता राष्ट्र माता अभियान चला रहे हैं। 3 मई से उत्तर प्रदेश के हर विधानसभा में उनकी यात्रा होनी है। यही बात सनातन धर्म विरोधियों को ठीक नहीं लग रही है। इसलिए उन्हें अनेको बार जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। हाल ही में ज्योतिर्मठ के आधिकारिक नंबर पर एक अप्रैल को मेसेज आया। इस नंबर को जब ब्लॉक कर दिया गया तो वॉइस मेल में दो ऑडियो संदेश छह अप्रैल की दोपहर 1.55 बजे और 1.57 बजे आया। गालीगलौज कर धमकी दी कि खुद जैसे अतीक अहमद को मारा वैसे ही उसको मारना है और बाद में सारा कहानी खत्म। इस दुनिया से उसका टाइम आ गया है अब ज्यादा दिन नहीं रह सकता ..., जहां वो यात्रा कर रहा है वहीं बीच में खत्म हो जाए। कोई भी मार देगा उसको। मेरे जैसे लाखों लोग है उसको मारने के लिए।